वॉशिंगटन: अमेरिका की खुफिया एजेंसियों के एक सिस्टम में साइबर सेंधमारी का मामला सामने आया है। इस हमले में सेंट्रल इंटेलिजेंस एजेंसी यानी CIA समेत कम से कम तीन अमेरिकी खुफिया एजेंसियों के इस्तेमाल वाले एक नेटवर्क की कुछ गैर-गोपनीय जानकारियां प्रभावित हुई हैं। शुरुआती जांच में चीन से जुड़े हैकर्स की भूमिका की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अब तक हमले के पीछे किसका हाथ है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस साइबर हमले से प्रभावित सिस्टम का इस्तेमाल ओपन-सोर्स इंटेलिजेंस यानी OSINT के विश्लेषण के लिए किया जाता था। इस सिस्टम पर CIA के अलावा नेशनल जियोस्पेशियल-इंटेलिजेंस एजेंसी (NGA) और ऑफिस ऑफ द डायरेक्टर ऑफ नेशनल इंटेलिजेंस (ODNI) भी निर्भर थीं।
OSINT का मतलब ऐसी जानकारियों को इकट्ठा करना और उनका विश्लेषण करना है, जो सार्वजनिक या व्यावसायिक स्रोतों से उपलब्ध होती हैं। इनमें सोशल मीडिया पोस्ट, वेबसाइट, सैटेलाइट तस्वीरें और कमर्शियल डेटाबेस शामिल हैं। भले ही ये जानकारियां क्लासिफाइड यानी गोपनीय नहीं होतीं, लेकिन इनका विश्लेषण अमेरिकी खुफिया एजेंसियों के लिए काफी अहम होता है।
रिपोर्ट के मुताबिक, शुरुआती जांच में ‘Artex’ नाम के AI आधारित हैकिंग टूल के इस्तेमाल की आशंका जताई गई है। यह टूल इस साल सार्वजनिक रूप से उपलब्ध कराया गया था और इसे चीन के एक इंजीनियर से जोड़ा गया है। साइबर सुरक्षा शोधकर्ताओं ने इस टूल को अलग-अलग देशों की कंपनियों पर हुए साइबर हमलों से भी जोड़ा है। हालांकि, अमेरिकी एजेंसियों पर हुए इस हमले में Artex के इस्तेमाल की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
अधिकारियों के हवाले से आई रिपोर्टों में कहा गया है कि इस सेंधमारी में किसी भी क्लासिफाइड जानकारी से समझौता नहीं हुआ। ODNI के एक अधिकारी के मुताबिक, इस घटना से एजेंसियों की महत्वपूर्ण क्षमताओं या गोपनीय सिस्टम के कामकाज पर कोई असर नहीं पड़ा। रिपोर्ट के अनुसार, सुरक्षा संबंधी समस्या को दूर कर लिया गया है। CIA ने इस मामले पर सार्वजनिक रूप से टिप्पणी नहीं की है।
यह घटना ऐसे समय में सामने आई है, जब अमेरिका की कई सरकारी एजेंसियां साइबर सुरक्षा से जुड़ी घटनाओं और तकनीकी समस्याओं का सामना कर रही हैं। हाल ही में FBI के नेशनल क्राइम इंफॉर्मेशन सेंटर और कृषि विभाग के सिस्टम में भी सुरक्षा संबंधी घटनाओं की खबरें आई थीं।
फिलहाल, अमेरिकी जांच एजेंसियां इस साइबर सेंधमारी के स्रोत और प्रभावित जानकारी के दायरे का पता लगाने में जुटी हैं। चीन की भूमिका को लेकर जताई जा रही आशंका की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।