AI के लिए कारोबार में बदलाव करेगा SAP, दुनिया भर में 10 हजार नौकरियों पर खतरा

नई दिल्ली: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का बढ़ता इस्तेमाल अब दुनिया की बड़ी टेक कंपनियों में रोजगार के स्वरूप को भी बदल रहा है। जर्मनी की दिग्गज सॉफ्टवेयर कंपनी SAP अपने कारोबार को AI के अनुकूल बनाने के लिए बड़े स्तर पर पुनर्गठन की तैयारी कर रही है। इस बदलाव के तहत कंपनी दुनियाभर में कम से कम 10 हजार नौकरियों में कटौती करने पर विचार कर रही है। अगर यह योजना लागू होती है, तो कंपनी के वैश्विक कर्मचारियों के करीब 9 फीसदी हिस्से पर इसका असर पड़ सकता है।

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, SAP के अधिकारी कंपनी के अलग-अलग विभागों में संभावित छंटनी को लेकर विचार-विमर्श कर रहे हैं। हालांकि, अभी नौकरियों में कटौती की अंतिम संख्या तय नहीं हुई है। कर्मचारियों के प्रतिनिधियों के साथ होने वाली बातचीत और श्रम संबंधी वार्ताओं के बाद इसमें बदलाव भी हो सकता है।

कंपनी के इस संभावित पुनर्गठन का मुख्य उद्देश्य अपने सॉफ्टवेयर कारोबार को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर के लिए तैयार करना है। SAP के CEO क्रिश्चियन क्लाइन कंपनी की AI-first रणनीति को आगे बढ़ा रहे हैं। इसके तहत कंपनी अपने सॉफ्टवेयर और एप्लिकेशन में AI टूल्स को अधिक प्रभावी तरीके से शामिल करना चाहती है।

रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी के सभी विभागों को संभावित खर्च और कर्मचारियों की संख्या में कटौती के क्षेत्रों की पहचान करने के लिए कहा गया है। इनमें प्रोडक्ट डेवलपमेंट, इंजीनियरिंग और सेल्स विभागों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कंपनी अपनी सेवाओं को विकसित करने और ग्राहकों तक पहुंचाने के तरीकों में भी बदलाव करना चाहती है।

SAP ने इस संभावित छंटनी की संख्या की पुष्टि नहीं की है। कंपनी का कहना है कि वह अपनी रणनीति और ग्राहकों की जरूरतों के अनुरूप संगठन की संरचना की लगातार समीक्षा करती रहती है।

यह पहली बार नहीं है जब SAP ने बड़े स्तर पर कर्मचारियों की संख्या घटाने की योजना बनाई है। साल 2024 में भी कंपनी ने करीब 10 हजार पदों के पुनर्गठन का ऐलान किया था। इस प्रक्रिया में लगभग 3 अरब यूरो यानी 3.3 अरब डॉलर का खर्च आया था। उस दौरान कर्मचारियों को स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति और दोबारा प्रशिक्षण जैसे विकल्प दिए गए थे।

फिलहाल SAP में दुनियाभर में 1.10 लाख से अधिक कर्मचारी काम करते हैं। ऐसे में प्रस्तावित बदलाव कंपनी के वैश्विक कार्यबल के बड़े हिस्से को प्रभावित कर सकता है।

SAP का यह कदम ऐसे समय में सामने आया है, जब दुनिया की कई बड़ी टेक कंपनियां AI में निवेश बढ़ा रही हैं और अपने कामकाज के तरीकों में बदलाव कर रही हैं। इससे एक बार फिर सवाल उठ रहा है कि आने वाले समय में AI तकनीक रोजगार के अवसरों और पारंपरिक नौकरियों को किस तरह प्रभावित करेगी।

लेटेस्ट न्यूज़