नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को तत्काल निलंबित करने की मांग वाली याचिका पर कोई अंतरिम आदेश देने से इनकार कर दिया। अदालत ने कहा कि चुनाव आयोग और संबंधित अधिकारियों का पक्ष सुने बिना इस स्तर पर कोई आदेश पारित नहीं किया जा सकता। मामले की सुनवाई CJI सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ ने की, जिसमें जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना शामिल हैं।
याचिका में आरोप लगाया गया है कि विशेष गहन पुनरीक्षण यानी Special Intensive Revision (SIR) के दौरान चुनाव आयोग के नाम पर कई अहम फैसले CEC ज्ञानेश कुमार ने कथित तौर पर अन्य दो चुनाव आयुक्तों की सहमति के बिना लिए। याचिकाकर्ता राकेश कुमार सिंह ने CEC को पद से निलंबित करने के साथ-साथ इन फैसलों की वैधता की जांच और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में केंद्र सरकार, चुनाव आयोग, CEC ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू तथा विवेक जोशी को नोटिस जारी किया है। इसके अलावा डिप्टी इलेक्शन कमिश्नर मनीष गर्ग और चुनाव आयोग की आईटी महानिदेशक सीमा खन्ना को भी नोटिस दिया गया है। अदालत ने संबंधित पक्षों से मामले में जवाब मांगा है।
सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता विकास सिंह ने CEC को तत्काल निलंबित करने की मांग की। उन्होंने दलील दी कि चुनाव आयोग एक बहुसदस्यीय संवैधानिक संस्था है और उसके फैसले निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के अनुसार सामूहिक रूप से लिए जाने चाहिए। उन्होंने 2023 के Chief Election Commissioner and Other Election Commissioners Act की धारा 18 का भी हवाला दिया, जिसके तहत आयोग के कामकाज को यथासंभव सर्वसम्मति से संचालित करने और मतभेद होने पर बहुमत के आधार पर निर्णय लेने का प्रावधान है।
पीठ ने तत्काल निलंबन की मांग पर सवाल उठाते हुए पूछा कि यदि CEC को निलंबित कर दिया जाता है तो चुनाव आयोग का कामकाज कौन संभालेगा। याचिकाकर्ता की ओर से जवाब दिया गया कि बाकी दो चुनाव आयुक्त आयोग के कामकाज को संभाल सकते हैं। हालांकि, अदालत ने संकेत दिया कि पहले संबंधित पक्षों से जवाब लेना जरूरी है।
पीठ ने यह भी कहा कि यदि चुनाव आयोग के जवाब से यह सामने आता है कि किसी फैसले में आवश्यक सर्वसम्मति नहीं थी, तो अदालत उस फैसले को वापस लेने या रद्द करने पर विचार कर सकती है। अदालत ने मीडिया रिपोर्टों के आधार पर सीधे निष्कर्ष निकालने के बजाय तथ्यों की पुष्टि पर जोर दिया।
याचिका में चुनाव आयोग के भीतर SIR से जुड़े कम से कम 14 फैसलों पर कथित आपत्तियों का मुद्दा उठाया गया है। इनमें मतदाता पंजीकरण के लिए इस्तेमाल होने वाले Form 6 में बदलाव, चुनावी रिकॉर्ड से जुड़े सॉफ्टवेयर में संशोधन और मतदाता सूची से जुड़े अन्य फैसले शामिल हैं। याचिकाकर्ता का दावा है कि इन मामलों में दोनों अन्य चुनाव आयुक्तों ने आपत्तियां दर्ज की थीं। हालांकि, चुनाव आयोग ने इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा है कि SIR और Form 6 से जुड़े अंतिम फैसले आयोग के तीनों सदस्यों की सर्वसम्मति से लिए गए थे।
सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कोई निलंबन आदेश जारी नहीं किया है। अब मामले में चुनाव आयोग और अन्य पक्षों के जवाब मिलने के बाद अदालत आगे की सुनवाई करेगी।