डिजिटल फ्रॉड रोकने के लिए RBI का नया प्लान, बड़े ट्रांजैक्शन पर भरोसेमंद व्यक्ति की मंजूरी; अकाउंट में मिलेगा ‘Stop Switch’

नई दिल्ली: ऑनलाइन बैंकिंग और डिजिटल पेमेंट के बढ़ते इस्तेमाल के बीच रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने डिजिटल फ्रॉड रोकने के लिए नए सुरक्षा उपायों का प्रस्ताव दिया है। इसके तहत अब बैंक ग्राहक बड़े ट्रांजैक्शन के लिए अपने किसी भरोसेमंद व्यक्ति की मंजूरी लेने का विकल्प चुन सकेंगे। इसके अलावा, अगर किसी ग्राहक को लगता है कि उसका बैंक अकाउंट हैक हो गया है या उसके साथ धोखाधड़ी हो रही है, तो वह एक खास ‘Stop Switch’ के जरिए अपने अकाउंट से होने वाले सभी नए आउटगोइंग पेमेंट तुरंत रोक सकेगा।

RBI ने ये प्रस्ताव Commercial Banks (Responsible Business Conduct) Fifth Amendment Directions, 2026 के ड्राफ्ट में शामिल किए हैं। इनका उद्देश्य ग्राहकों को अपने डिजिटल पेमेंट पर ज्यादा नियंत्रण देना और बैंकिंग धोखाधड़ी के मामलों को कम करना है।

क्या है Trusted Person Mechanism?

RBI के प्रस्ताव के मुताबिक, ग्राहक अपने बैंक अकाउंट के लिए किसी ऐसे व्यक्ति को चुन सकेंगे, जिस पर उन्हें भरोसा हो। यह व्यक्ति बड़े ट्रांजैक्शन के लिए अतिरिक्त सुरक्षा जांच का हिस्सा होगा।

ग्राहक अपनी सुविधा के अनुसार एक ट्रांजैक्शन लिमिट तय कर सकेंगे। जब भी इस लिमिट से ज्यादा पैसे ट्रांसफर किए जाएंगे, तो चुने गए भरोसेमंद व्यक्ति को अलर्ट भेजा जाएगा। उसके पास ट्रांजैक्शन को मंजूरी देने या अस्वीकार करने के लिए एक घंटे का समय होगा।

अगर वह व्यक्ति ट्रांजैक्शन को मंजूरी नहीं देता या तय समय में जवाब नहीं देता, तो ट्रांजैक्शन अपने आप रद्द हो जाएगा। हालांकि, यह सुविधा स्वैच्छिक होगी और इसके लिए ग्राहक तथा चुने गए व्यक्ति दोनों की सहमति जरूरी होगी।

यह व्यवस्था सामान्य UPI पेमेंट, मर्चेंट पेमेंट और पहले से तय नियमित भुगतान पर लागू नहीं होगी। भरोसेमंद व्यक्ति को ग्राहक के बैंक बैलेंस या खाते को ऑपरेट करने का अधिकार भी नहीं मिलेगा।

क्या है Stop Switch और कैसे करेगा काम?

RBI का दूसरा अहम प्रस्ताव ‘Stop Switch’ है। इसके जरिए ग्राहक अपने बैंक खाते से होने वाले नए आउटगोइंग पेमेंट को तुरंत ब्लॉक कर सकेंगे।

मान लीजिए किसी व्यक्ति को पता चलता है कि उसके बैंक अकाउंट की जानकारी किसी साइबर अपराधी के हाथ लग गई है। ऐसी स्थिति में वह Stop Switch एक्टिवेट करके अपने खाते से होने वाले नए डेबिट ट्रांजैक्शन रोक सकता है।

यह सुविधा बैंक की शाखा, ATM, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और फोन बैंकिंग यानी IVR के जरिए उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है।

हालांकि, इस सुविधा को एक्टिवेट करने के बाद भी खाते में आने वाले पैसे नहीं रुकेंगे। पहले से चल रहे नियमित भुगतान और बैंक की ओर से लोन की किस्त या अन्य बकाया वसूलने के लिए किए जाने वाले कुछ डेबिट भी जारी रह सकते हैं।

डिजिटल पेमेंट पर ग्राहकों का बढ़ेगा नियंत्रण

RBI ने ग्राहकों को अलग-अलग डिजिटल पेमेंट चैनल चालू या बंद करने की सुविधा देने का भी प्रस्ताव रखा है। इसके तहत ग्राहक UPI, इंटरनेट बैंकिंग, कार्ड और दूसरे पेमेंट माध्यमों के लिए अपनी ट्रांजैक्शन लिमिट तय कर सकेंगे।

ग्राहक यह भी निर्धारित कर सकेंगे कि किस माध्यम से, किस लाभार्थी को और एक दिन में कितनी रकम ट्रांसफर की जा सकती है। इसके अलावा डेबिट और क्रेडिट कार्ड के घरेलू और अंतरराष्ट्रीय इस्तेमाल, ऑनलाइन पेमेंट, ATM और कॉन्टैक्टलेस ट्रांजैक्शन पर भी अलग-अलग नियंत्रण मिल सकेगा।

नए बैंक खातों में डिजिटल पेमेंट चैनल डिफॉल्ट रूप से बंद रखने का भी प्रस्ताव है। ग्राहक की स्पष्ट सहमति और जरूरी ऑथेंटिकेशन के बाद ही इन्हें चालू किया जा सकेगा।

बैंकों की जवाबदेही भी बढ़ेगी

RBI ने डिजिटल फ्रॉड के मामलों में बैंकों की जिम्मेदारी बढ़ाने का भी प्रस्ताव रखा है। अगर बैंक मल्टी-फैक्टर ऑथेंटिकेशन, फ्रॉड अलर्ट, 24 घंटे शिकायत दर्ज करने की सुविधा या शिकायत पर समय से कार्रवाई करने में विफल रहता है, तो इसे बैंक की लापरवाही माना जा सकता है।

इसके अलावा बैंक के सिस्टम में गड़बड़ी, सुरक्षा में चूक या कर्मचारियों और वेंडर्स की मिलीभगत से हुए फ्रॉड को भी जवाबदेही के दायरे में लाने का प्रस्ताव है।

फिलहाल ये नियम ड्राफ्ट प्रस्ताव के रूप में हैं, अंतिम रूप से लागू नहीं हुए हैं। RBI ने इन प्रस्तावों पर 14 दिसंबर 2026 तक सुझाव और प्रतिक्रियाएं मांगी हैं। इनके अंतिम स्वरूप और लागू होने की तारीख पर आगे फैसला लिया जाएगा।

लेटेस्ट न्यूज़