टाटा स्टील का बड़ा दांव, APL Apollo में 1.67 अरब डॉलर की खरीदेगी हिस्सेदारी, शेयर करीब 5% गिरे

नई दिल्ली: देश की प्रमुख स्टील कंपनियों में शामिल टाटा स्टील ने अपने कारोबार को नई दिशा देने के लिए बड़ा फैसला लिया है। कंपनी भारत की सबसे बड़ी स्ट्रक्चरल स्टील पाइप और ट्यूब निर्माता कंपनी APL Apollo Tubes में 26.38 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने जा रही है। इस सौदे की कीमत करीब 1.67 अरब डॉलर यानी 15,511 करोड़ रुपये बताई जा रही है। हालांकि, इस बड़े कारोबारी फैसले के बीच सोमवार को टाटा स्टील के शेयरों में करीब 4 से 5 फीसदी की गिरावट देखने को मिली।

टाटा स्टील ने APL Apollo में हिस्सेदारी खरीदने के लिए प्रति शेयर 2,100 रुपये की कीमत तय की है। इसके अलावा कंपनी ने APL Apollo के अतिरिक्त 26 फीसदी शेयर खरीदने के लिए ओपन ऑफर लाने का भी फैसला किया है। इस ओपन ऑफर के तहत प्रति शेयर 2,301.40 रुपये की पेशकश की जाएगी। अगर यह ऑफर पूरी तरह सफल रहता है, तो APL Apollo में टाटा स्टील की हिस्सेदारी बढ़कर करीब 52.38 फीसदी हो सकती है। इससे कंपनी को APL Apollo का नियंत्रण मिल जाएगा।

28 हजार करोड़ रुपये का कारोबार समझौता

इस पूरे घटनाक्रम में एक और अहम बात यह है कि टाटा स्टील ने APL Apollo के साथ अपने कुछ कारोबार बेचने का भी समझौता किया है। इसके तहत टाटा स्टील अपने स्टील ट्यूब और पाइप कारोबार को 11,700 करोड़ रुपये तक में APL Apollo को बेचेगी। इसके अलावा कंपनी अपनी सहायक इकाई Tata Steel Colors में 100 फीसदी हिस्सेदारी भी 16,300 करोड़ रुपये में APL Apollo को ट्रांसफर करेगी।

इस तरह दोनों कंपनियों के बीच इन कारोबारों का कुल सौदा करीब 28,000 करोड़ रुपये का है। ट्यूब और पाइप कारोबार में जमशेदपुर, होसुर, खोपोली और साहिबाबाद की मैन्युफैक्चरिंग सुविधाएं शामिल हैं।

क्यों अहम है यह सौदा?

इस समझौते के जरिए टाटा स्टील अपने डाउनस्ट्रीम कारोबार यानी तैयार और वैल्यू-एडेड स्टील उत्पादों पर ज्यादा ध्यान देना चाहती है। कंपनी के मुताबिक, इस रणनीति से उसके डाउनस्ट्रीम कारोबार का पोर्टफोलियो मौजूदा करीब 35 फीसदी से बढ़कर लगभग 53 फीसदी हो सकता है।

वहीं, APL Apollo को टाटा स्टील की मैन्युफैक्चरिंग सुविधाओं और कारोबार के अधिग्रहण से अपनी उत्पादन क्षमता और बाजार में मौजूदगी बढ़ाने का मौका मिलेगा।

शेयर बाजार में इस खबर के बाद APL Apollo के शेयरों में भी करीब 10 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। अब निवेशकों की नजर इस सौदे के पूरा होने, नियामकीय मंजूरियों और दोनों कंपनियों के भविष्य के कारोबारी प्रदर्शन पर रहेगी।

लेटेस्ट न्यूज़