नई दिल्ली: देश के सबसे लोकप्रिय पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर ब्रांड्स में शामिल बिसलेरी कानूनी विवाद में घिर गई है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के एक सैंपल को असुरक्षित घोषित किए जाने के बाद बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है। जांच में पानी के सैंपल में निर्धारित सीमा से अधिक ब्रोमेट और पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) पाए जाने की बात सामने आई है। इनमें से कुछ रासायनिक तत्व कैंसर के खतरे से जुड़े हैं।
FSSAI के मुताबिक, बिसलेरी के परिसर से पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर का एक सैंपल लिया गया था। शुरुआती लैब जांच में इसमें ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक पाई गई। इसके बाद सैंपल को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत असुरक्षित घोषित किया गया।
कंपनी ने इस निष्कर्ष के खिलाफ अपील की, जिसके बाद सैंपल को रेफरल फूड लैबोरेटरी में भेजा गया। दूसरी जांच में भी सैंपल को असुरक्षित पाया गया। FSSAI के अनुसार, इस बार जांच में पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन यानी PAHs की मौजूदगी सामने आई। इसके बाद नियामक ने कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मंजूरी दी।
क्या हैं ब्रोमेट और PAHs?
ब्रोमेट एक रासायनिक तत्व है, जो पानी को ओजोन के जरिए कीटाणुरहित करने की प्रक्रिया के दौरान बन सकता है। निर्धारित सीमा से अधिक मात्रा में इसके लंबे समय तक सेवन से स्वास्थ्य संबंधी जोखिम हो सकते हैं।
वहीं, PAHs रासायनिक यौगिकों का एक समूह है। इसके कुछ तत्वों में कैंसर पैदा करने की क्षमता होती है। हालांकि, इनकी मौजूदगी और स्वास्थ्य पर असर का आकलन मात्रा और संपर्क की अवधि के आधार पर किया जाता है।
बिसलेरी ने क्या दी सफाई?
FSSAI की कार्रवाई के बाद 23 नवंबर को बिसलेरी ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि पीने के पानी की सुरक्षा कंपनी की प्राथमिकता है और उसके उत्पाद सख्त गुणवत्ता जांच से गुजरते हैं।
कंपनी के मुताबिक, मामला सितंबर 2025 में गोवा स्थित उसके प्लांट में तैयार किए गए एक बैच से जुड़ा है। FSSAI ने वहां से छह सैंपल लिए थे, जिनमें से पांच सभी निर्धारित मानकों पर खरे उतरे थे। छठे सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर पाई गई थी, जबकि निर्धारित सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है।
कंपनी का दावा है कि अपील के बाद कराई गई स्वतंत्र जांच में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के भीतर मिली। बिसलेरी ने यह भी कहा कि उसने फरवरी 2026 में अपनी जांच रिपोर्ट FSSAI को सौंपी थी, लेकिन इसके बाद उसे कोई सूचना नहीं मिली। कंपनी ने कहा है कि वह नियामक के साथ सहयोग करेगी और उसके अनुसार उसका पानी पीने के लिए सुरक्षित है।
यह मामला एक खास सैंपल और उससे जुड़े बैच की जांच का है। इसका मतलब यह नहीं है कि बाजार में बिकने वाली बिसलेरी की हर बोतल असुरक्षित है। इस बीच सरकार ने अन्य पैकेज्ड वाटर ब्रांड्स के सैंपल की भी जांच करने की योजना बनाई है। अब इस मामले में नियामक की आगे की कार्रवाई और कानूनी प्रक्रिया पर नजर रहेगी।