गुजरात में भीषण सड़क हादसा, ट्रक से टकराकर दो हिस्सों में बंटी कार; सेना के दो जवानों समेत 7 की मौत

नई दिल्ली: गुजरात के कच्छ जिले में शनिवार रात एक भीषण सड़क हादसे में भारतीय सेना के दो जवानों समेत सात लोगों की मौत हो गई। हादसा भुज-खावड़ा हाईवे पर उस समय हुआ, जब एक तेज रफ्तार ट्रेलर ट्रक और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर दो हिस्सों में बंट गई। मृतकों में तीन छोटे बच्चे भी शामिल हैं, जिनमें एक तीन महीने की बच्ची भी थी।

पुलिस के मुताबिक, हादसा 21 नवंबर की रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच हुआ। कार में सवार लोग रण ऑफ कच्छ घूमने के बाद भुज लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रेलर ट्रक से उनकी कार की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों में सेना के दो जवान और उनके परिवार शामिल

इस हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के रहने वाले थे। वे भुज में तैनात सेना के जवानों के परिवार से जुड़े थे। मृतकों की पहचान सौरभ सिंह नेगी, उनकी पत्नी सविता और उनकी तीन महीने की बेटी सिविका के रूप में हुई है। इसके अलावा राजेश सिंह रावत, उनकी सात वर्षीय बेटी रक्षिता, रिंकी गोसाईं और उनकी चार वर्षीय बेटी वामिका की भी इस हादसे में मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के मलबे में शव फंस गए थे। राहत और बचाव दल को शवों को बाहर निकालने में कई घंटे लगे। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया।

पीएम मोदी ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के कच्छ में हुए इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के परिवार को दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। वहीं, हादसे में घायल लोगों के लिए 50 हजार रुपये की सहायता का ऐलान किया गया है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी हादसे पर शोक व्यक्त किया है।

पुलिस ने शुरू की जांच

कच्छ पश्चिम के पुलिस अधीक्षक विकास सुंडा के मुताबिक, दुर्घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने जांच की है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों वाहन आमने-सामने से टकराए थे। मामले में आगे की जांच जारी है।

इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

लेटेस्ट न्यूज़