भुवनेश्वर: बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहा चक्रवाती तूफान अर्नब आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों के लिए खतरा बन गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, तूफान के 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश के तट पर बापटला और विशाखापत्तनम के बीच पहुंचने की आशंका है। इस दौरान तेज हवाओं, भारी बारिश और समुद्र में ऊंची लहरों का खतरा बना रहेगा।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, तूफान के बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है। इसके तट से टकराने के दौरान हवा की अधिकतम रफ्तार 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि झोंकों की गति 140 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है।
ओडिशा के पांच जिलों में रेड अलर्ट
तूफान का संभावित लैंडफॉल आंध्र प्रदेश में होने के बावजूद ओडिशा सरकार ने एहतियाती तैयारियां तेज कर दी हैं। राज्य के गंजाम, गजपति, कोरापुट, रायगढ़ा और मलकानगिरी जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि लोगों की सुरक्षा, समय पर निकासी और आपातकालीन राहत व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाए। राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि तूफान के संभावित प्रभाव को देखते हुए किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
ओडिशा सरकार ने वरिष्ठ अधिकारियों को 26 अक्टूबर से अपने मुख्यालय में मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील जिलों में तैनात अधिकारियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
राहत और बचाव दल तैनात
संभावित खतरे से निपटने के लिए ओडिशा डिजास्टर रैपिड एक्शन फोर्स (ODRAF), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और अग्निशमन विभाग की टीमें तैनात की गई हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक, करीब 60 ODRAF टीमें और 17 NDRF टीमें तैनात की गई हैं, जबकि 225 अग्निशमन दलों को अलर्ट पर रखा गया है।
प्रशासन को निचले और संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। मछुआरों को भी समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
स्कूल-कॉलेज बंद रखने की तैयारी
ओडिशा के कुछ दक्षिणी जिलों में खराब मौसम की आशंका के कारण स्कूलों, कॉलेजों और आंगनवाड़ी केंद्रों को बंद रखने का फैसला लिया गया है। मौसम विभाग ने 27 से 29 अक्टूबर के बीच राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है।
आंध्र प्रदेश में भी प्रशासन ने संभावित लैंडफॉल को देखते हुए तैयारी शुरू कर दी है। तटीय इलाकों में लोगों को मौसम संबंधी चेतावनियों पर ध्यान देने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
फिलहाल, चक्रवात की दिशा और तीव्रता पर मौसम विभाग लगातार नजर रख रहा है। अधिकारियों के लिए सबसे बड़ी प्राथमिकता लोगों को सुरक्षित रखना और तूफान के दौरान जान-माल के नुकसान को कम करना है।