आधार कार्ड के आधार पर कर्मचारी को सेवानिवृत्त मानकर सेवा समाप्त करने के मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने अहम फैसला सुनाया है। अदालत ने कहा कि केवल आधार कार्ड जन्मतिथि का प्रमाण नहीं है। हाईकोर्ट ने महिला कर्मचारी को एक साल का पूरा बकाया वेतन देने के लेबर कोर्ट के आदेश को बरकरार रखा है।
नई दिल्ली: 1981 से एक फर्म में फिनिशिंग वर्कर के रूप में काम कर रही महिला कर्मचारी ने आरोप लगाया था कि मार्च 2017 में दिल्ली सरकार द्वारा कुशल श्रमिकों के लिए न्यूनतम मजदूरी बढ़ाने के बाद प्रबंधन ने संशोधित वेतन देने से इनकार कर दिया। 20 मई 2017 को जब उन्होंने अप्रैल महीने का वेतन मांगा, तो कथित तौर पर कंपनी ने उनकी सेवा समाप्त कर दी।
मामले में कंपनी ने दावा किया था कि 2017 में महिला 58 वर्ष की हो गई थीं, जो फैक्ट्री में सेवानिवृत्ति की निर्धारित आयु थी। कंपनी के अनुसार, उनके आधार कार्ड में जन्म वर्ष 1959 दर्ज था। प्रबंधन ने यह भी दावा किया कि महिला ने खुद इस्तीफा दिया था या स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ली थी और अपने सभी बकाया पैसे ले लिए थे।
हालांकि, लेबर कोर्ट ने पाया कि जून 2010 में कर्मचारी के ईएसआईसी (ESIC) में पंजीकरण के समय प्रबंधन ने खुद उनकी जन्मतिथि 20 मई 1960 दर्ज की थी। वहीं, आधार कार्ड में जन्मतिथि 20 मई 1959 दर्ज थी। अदालत ने यह भी पाया कि आधार कार्ड में दर्ज जन्मतिथि की पुष्टि के लिए भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) का कोई गवाह पेश नहीं किया गया था।
न्यायमूर्ति मनोज कुमार ओहरी ने कहा कि आधार कार्ड अपने आप में जन्मतिथि का प्रमाण नहीं है। अदालत ने कहा कि जब प्रबंधन ने पहले ही ईएसआईसी रिकॉर्ड में जन्मतिथि 20 मई 1960 दर्ज की थी, तो वह बाद में आधार कार्ड में दर्ज अलग तारीख के आधार पर महिला की सेवा एक साल पहले समाप्त नहीं कर सकता।
हाईकोर्ट ने यह भी माना कि महिला की सेवा समाप्ति के दौरान औद्योगिक विवाद अधिनियम (ID Act) की धारा 25F का पालन नहीं किया गया था। इसके आधार पर अदालत ने लेबर कोर्ट के फैसले में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया और महिला को 20 मई 2017 से 20 मई 2018 तक का पूरा बकाया वेतन देने के आदेश को बरकरार रखा।