संविधान दिवस पर PM मोदी का विपक्ष पर हमला, OBC आरक्षण में कटौती कर मुसलमानों को देना चाहता है विपक्ष

नई दिल्ली: संविधान दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी पर अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के आरक्षण में कटौती कर मुसलमानों को आरक्षण देने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। गुरुवार, 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर अपनी वेबसाइट पर प्रकाशित एक लेख में प्रधानमंत्री ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी OBC आरक्षण कम करके मुस्लिम आरक्षण लागू करना चाहती है। हालांकि, उन्होंने अपने लेख में किसी राजनीतिक दल का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया, लेकिन उनके बयान को कांग्रेस पर निशाने के तौर पर देखा जा रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने लेख में संविधान निर्माताओं और खासकर डॉ. भीमराव आंबेडकर का जिक्र करते हुए कहा कि वे इस तरह की आरक्षण व्यवस्था के पूरी तरह खिलाफ थे। उन्होंने लिखा कि संविधान निर्माताओं ने देश की लोकतांत्रिक और सामाजिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए संविधान तैयार किया था। ऐसे में संविधान की मूल भावना और उसके मूल्यों को बनाए रखना जरूरी है।

मोदी ने अपने लेख में संविधान दिवस के महत्व पर भी बात की। उन्होंने याद दिलाया कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अपनाया था। उन्होंने डॉ. राजेंद्र प्रसाद, डॉ. भीमराव आंबेडकर और संविधान सभा के सभी सदस्यों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि संविधान भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है। प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि उनकी सरकार ने एक दशक पहले 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की थी, ताकि नागरिकों को संविधान के महत्व और उसमें दिए गए अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा सके।

महिला आरक्षण विधेयक को लेकर भी विपक्ष पर निशाना

प्रधानमंत्री ने अपने लेख में महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी विपक्ष की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि इस साल संसद में महिलाओं को विधायी संस्थाओं में पर्याप्त प्रतिनिधित्व देने के उद्देश्य से लाए गए संविधान संशोधन विधेयक को विपक्ष की एक प्रमुख पार्टी ने पारित नहीं होने दिया।

गौरतलब है कि अप्रैल 2026 में लोकसभा में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 आवश्यक दो-तिहाई बहुमत हासिल नहीं कर सका था। इस विधेयक का उद्देश्य लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का रास्ता तैयार करना था। इसके साथ ही लोकसभा सीटों के परिसीमन का प्रस्ताव भी जुड़ा हुआ था। विपक्षी दलों ने महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ने पर आपत्ति जताई थी।

मोदी ने महिलाओं को भरोसा दिलाते हुए कहा कि महिलाओं को न्याय और उचित प्रतिनिधित्व दिलाने के सरकार के संकल्प को कोई ताकत नहीं रोक सकती।

विपक्ष को बताया ‘अवरोध पक्ष’

प्रधानमंत्री ने विपक्ष की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की जिम्मेदारी केवल विरोध करना नहीं, बल्कि संवैधानिक प्रक्रियाओं में अपनी भूमिका निभाना भी है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी अब विरोध पक्ष के बजाय ‘अवरोध पक्ष’ बनती जा रही है। उनके मुताबिक, संसद और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में बाधा डालना संवैधानिक जिम्मेदारियों का विकल्प नहीं हो सकता।

संविधान संशोधनों और नक्सलवाद का भी किया जिक्र

अपने लेख में प्रधानमंत्री ने 1951 के पहले संविधान संशोधन और आपातकाल के दौरान किए गए 42वें संविधान संशोधन का भी उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों के दौरान कई बार संवैधानिक संस्थाओं और नागरिक स्वतंत्रताओं को कमजोर किया गया। इसके अलावा उन्होंने अनुच्छेद 356 के इस्तेमाल और जम्मू-कश्मीर से जुड़े अनुच्छेद 370 और 35A का भी जिक्र किया।

प्रधानमंत्री ने नक्सलवाद के मुद्दे पर कहा कि दशकों तक नक्सलियों ने आदिवासी क्षेत्रों में लोगों को उनके संवैधानिक अधिकारों से वंचित रखा। उन्होंने दावा किया कि सशस्त्र नक्सलवाद के खत्म होने से अब गरीब और आदिवासी नागरिक बिना डर के अपने अधिकारों का इस्तेमाल कर सकते हैं।

लेख के अंत में प्रधानमंत्री ने 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए ‘नेशन फर्स्ट’ यानी राष्ट्र प्रथम और कर्तव्य भावना को मार्गदर्शक सिद्धांत बताया।

लेटेस्ट न्यूज़