सऊदी अरब की अरामको रिफाइनरी पर हूती हमला, नेपाली कर्मचारी की मौत

रियाद: सऊदी अरब के जजान क्षेत्र में स्थित सऊदी अरामको की तेल रिफाइनरी पर गुरुवार, 26 नवंबर को हुए हमले में एक नेपाली कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि कई अन्य कर्मचारी घायल हो गए। हमले के बाद रिफाइनरी परिसर में आग लग गई और एहतियातन वहां कुछ कामकाज अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्रालय ने इसकी पुष्टि की है।

मंत्रालय के मुताबिक, रिफाइनरी को एक हवाई हमले में निशाना बनाया गया। हमले के कारण लगी आग पर काबू पा लिया गया है। घायलों को इलाज मुहैया कराया जा रहा है। मृतक कर्मचारी नेपाली नागरिक था, जबकि घायलों की राष्ट्रीयताएं अलग-अलग बताई गई हैं। अधिकारियों ने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना जताई है।

हमले के बाद आपातकालीन और तकनीकी टीमें मौके पर पहुंचीं। फिलहाल रिफाइनरी को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और सुरक्षा व्यवस्था की जांच की जा रही है। ऊर्जा मंत्रालय ने हमले के लिए सीधे तौर पर किसी संगठन का नाम नहीं लिया, लेकिन सऊदी नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने इसके लिए यमन के हूती विद्रोहियों को जिम्मेदार ठहराया है।

गठबंधन के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मलिकी ने कहा कि हूतियों ने जजान स्थित तेल रिफाइनरी पर हमला किया। उन्होंने चेतावनी दी कि नागरिकों और नागरिक ठिकानों को निशाना बनाने का जवाब सैन्य कार्रवाई से दिया जाएगा। इसके बाद गठबंधन ने दावा किया कि उसकी सेना ने यमन के होदेइदाह प्रांत में एक बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च प्लेटफॉर्म को नष्ट कर दिया है। गठबंधन के मुताबिक, इसी प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल रिफाइनरी पर हमले के लिए किया गया था।

जजान रिफाइनरी सऊदी अरब के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में लाल सागर के तट पर स्थित है। यह यमन की सीमा के करीब है और प्रतिदिन लगभग चार लाख बैरल कच्चे तेल को प्रोसेस करने की क्षमता रखती है। ऐसे में इस पर हमला सऊदी अरब के ऊर्जा ढांचे की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाता है।

यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब सऊदी अरब और हूती विद्रोहियों के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है। इससे एक दिन पहले हूतियों ने सऊदी अरब की रास तनूरा रिफाइनरी और जेद्दा तथा जजान के बंदरगाहों पर हमलों का दावा किया था। क्षेत्र में बढ़ती सैन्य गतिविधियों के बीच तेल प्रतिष्ठानों और दूसरे अहम बुनियादी ढांचे की सुरक्षा एक बड़ी चुनौती बनती जा रही है।

लेटेस्ट न्यूज़