मुंबई: भारत के शेयर बाजार के इतिहास के सबसे बड़े और बहुप्रतीक्षित आईपीओ (IPO) का इंतजार आखिरकार खत्म होने जा रहा है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने गुरुवार को घोषणा की है कि जियो प्लेटफॉर्म्स (Jio Platforms) जल्द ही मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) के पास अपना ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रोस्पेक्टस (DRHP) दाखिल करेगी। इसके साथ ही देश की सबसे बड़ी टेलीकॉम और डिजिटल सर्विसेज कंपनी के आईपीओ की प्रक्रिया आधिकारिक तौर पर शुरू हो जाएगी।
यह ऐतिहासिक घोषणा रिलायंस इंडस्ट्रीज की 49वीं वार्षिक आम बैठक (AGM) में की गई। शेयरधारकों को संबोधित करते हुए मुकेश अंबानी ने इसे कंपनी, उसके शेयरधारकों और देश के टेक्नोलॉजी सेक्टर के लिए एक ऐतिहासिक मील का पत्थर बताया। दिलचस्प बात यह है कि जियो का यह कदम नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) द्वारा अपने सार्वजनिक निर्गम के दस्तावेज दाखिल करने के ठीक एक दिन बाद आया है। ऐसे में आने वाले महीनों में भारतीय बाजार को दो सबसे बड़े आईपीओ देखने को मिल सकते हैं।
रिलायंस द्वारा दी गई रेगुलेटरी फाइलिंग के अनुसार, जियो प्लेटफॉर्म्स के बोर्ड ने 19 जून को ही डीआरएचपी (DRHP) को मंजूरी दे दी थी, जिसे अब सेबी, बीएसई और एनएसई के पास जमा किया जाएगा। इस आईपीओ के तहत 10 रुपये के फेस वैल्यू वाले 27 करोड़ तक नए इक्विटी शेयर (Fresh Shares) जारी किए जाएंगे। शेयर की अंतिम कीमत बुक-बिल्डिंग प्रक्रिया के जरिए तय होगी और यह पूरा ऑफर रेगुलेटरी मंजूरियों के अधीन होगा।
मुकेश अंबानी ने इस मौके पर भावुक होते हुए कहा, “मुझे आपको यह बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि जियो प्लेटफॉर्म्स के बोर्ड ने ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रोस्पेक्टस को मंजूरी दे दी है और इसे आज ही सेबी के पास फाइल किया जाएगा। यह मेरे लिए, पूरे रिलायंस परिवार और हमारे करोड़ों शेयरधारकों के लिए एक बेहद भावुक पल है।” उन्होंने इस लिस्टिंग को रिलायंस के संस्थापक धीरूभाई अंबानी के वेल्थ क्रिएशन (संपत्ति निर्माण) के विजन से जोड़ते हुए कहा कि रिलायंस और उसके शेयरधारकों का रिश्ता गर्व, विश्वास, सम्मान और साझा विकास पर टिका एक पवित्र रिश्ता है।