कोलकाता: भारत की समुद्री ताकत और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को एक बड़ी उड़ान मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कोलकाता के श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट पर पूरी तरह से भारत में निर्मित तीन नौसैनिक युद्धपोतों—आईएनएस दुनागिरी (INS Dunagiri), आईएनएस संशोधक (INS Sanshodhak) और आईएनएस अग्रे (INS Agray)—को नौसेना में शामिल (Commission) किया। ये तीनों युद्धपोत नौसेना की लड़ाकू क्षमताओं, समुद्री सर्वेक्षण और पनडुब्बी रोधी अभियानों को काफी मजबूत करेंगे।
नौसेना में शामिल किए गए ये तीनों स्वदेशी जहाज अलग-अलग परिचालन क्षमताओं से लैस हैं। इनमें स्टील्थ फ्रिगेट ‘दुनागिरी’ एक बेहद शक्तिशाली और आधुनिक युद्धपोत है, जो ब्रह्मोस जैसी सतह से सतह पर मार करने वाली मिसाइलों और मीडियम रेंज सरफेस-टू-एयर मिसाइल सिस्टम से लैस है। वहीं, ‘संशोधक’ एक बड़ा सर्वेक्षण जहाज (Survey Vessel) है, जो गहरे पानी में हाइड्रोग्राफिक सर्वे और डेटा जुटाने का काम करेगा। तीसरा युद्धपोत ‘अग्रे’ एक पनडुब्बी रोधी (Anti-Submarine Warfare) क्राफ्ट है, जो हल्के टॉरपीडो और स्वदेशी रॉकेट लॉन्चरों की मदद से उथले पानी में दुश्मनों की पनडुब्बियों को तबाह करने में सक्षम है।
इस ऐतिहासिक मौके पर रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता पर जोर देते हुए पीएम मोदी ने कहा, “ये तीनों जहाज भारत के तीन महत्वपूर्ण संकल्पों के प्रतीक हैं। इनका निर्माण और डिजाइन दोनों भारत में ही हुआ है। भारत अब रक्षा क्षेत्र में सिर्फ एक खरीदार बनकर नहीं रहना चाहता। हमारी सैन्य शक्ति दुनिया के लिए सिर्फ एक बाजार नहीं बन सकती। हमारी ताकत की परिभाषा आत्मनिर्भर बनने में है।”
प्रधानमंत्री ने समुद्री ताकत के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि जिस देश की समुद्री शक्ति मजबूत होती है, उसका आर्थिक और रणनीतिक प्रभाव भी मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि कुछ साल पहले आईएनएस विक्रांत को देश को समर्पित करके भारत ने समुद्री शक्ति का एक नया अध्याय शुरू किया था, और विक्रांत से लेकर आज के इन तीन युद्धपोतों तक का सफर भारत की बढ़ती आत्मनिर्भरता की गवाही देता है। इस भव्य कमीशनिंग समारोह के दौरान पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आरएन रवि, मुख्यमंत्री और भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्ण स्वामीनाथन सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।