थिरुपरंकुंद्रम में दीपम अनुष्ठान को लेकर हाई अलर्ट, 5,600 पुलिसकर्मी तैनात

मदुरै: तमिलनाडु के मदुरै जिले में थिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम अनुष्ठान को लेकर तनाव और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। सुप्रीम कोर्ट की अनुमति के बाद 24 नवंबर को पहाड़ी पर स्थित विवादित पत्थर के स्तंभ यानी ‘दीपथून’ पर दीप जलाया जाना है। इस आयोजन को देखते हुए प्रशासन ने इलाके में 5,600 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया है। वहीं, मदुरै जिले में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है।

दरअसल, थिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित अरुलमिगु सुब्रमण्य स्वामी मंदिर और सिकंदर बदूशा दरगाह के पास बने एक पत्थर के स्तंभ पर दीप जलाने को लेकर विवाद चल रहा है। मंदिर के कुछ श्रद्धालुओं की मांग थी कि कार्तिगई दीपम के मौके पर इस स्तंभ पर भी दीप जलाया जाए। वहीं, दरगाह से जुड़े पक्ष और कुछ संगठनों ने इस पर आपत्ति जताई है।

इस मामले में 20 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने एक अंतरिम आदेश देते हुए 24 नवंबर को दीपथून पर दीप जलाने की एक बार की अनुमति दी थी। अदालत ने साफ किया कि यह अनुमति केवल इस साल के आयोजन के लिए है। इसे भविष्य में किसी परंपरा, अधिकार या उस जगह के मालिकाना हक के सबूत के तौर पर नहीं माना जाएगा। कोर्ट ने यह भी कहा कि दीप जलाने का काम मंदिर प्रशासन की ओर से अधिकृत सीमित टीम ही करेगी। साथ ही दरगाह और मस्जिद तक लोगों की कानूनी पहुंच जारी रहनी चाहिए।

हालांकि, तमिलनाडु सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के इस आदेश पर पुनर्विचार याचिका दाखिल की है और आदेश पर रोक लगाने की मांग की है। सरकार का कहना है कि आदेश को लागू करने से मौजूदा स्थिति में ऐसा बदलाव हो सकता है, जिसे बाद में ठीक करना मुश्किल होगा।

इधर, संभावित तनाव को देखते हुए मदुरै के जिला कलेक्टर निशांत कृष्णा ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की है। इसके तहत बिना अनुमति सभा, प्रदर्शन, जुलूस और सार्वजनिक बैठक पर रोक लगाई गई है। पहाड़ी पर चढ़ने और ड्रोन उड़ाने पर भी पाबंदी है। ये प्रतिबंध 23 नवंबर की रात 9 बजे से 25 नवंबर की सुबह 10 बजे तक लागू रहेंगे। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट के आदेश को लागू करने वाली गतिविधियों, अधिकृत धार्मिक अनुष्ठानों और दरगाह तक वैध पहुंच को छूट दी गई है।

पुलिस ने पहाड़ी, मंदिर, दरगाह और आसपास के रास्तों पर सुरक्षा बढ़ा दी है। सीसीटीवी कैमरों और निगरानी व्यवस्था के जरिए भी हालात पर नजर रखी जा रही है।

फिलहाल, इस पूरे मामले में प्रशासन के सामने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ सुप्रीम कोर्ट के आदेश को लागू करने की चुनौती है।

लेटेस्ट न्यूज़