नई दिल्ली: Tata Motors अपनी लोकप्रिय कॉम्पैक्ट सेडान Tigor का नया फेसलिफ्ट मॉडल जल्द भारतीय बाजार में पेश करने की तैयारी कर रही है। 2026 Tata Tigor Facelift को लेकर सामने आई जानकारी के मुताबिक, कार के डिजाइन से लेकर इंटीरियर और सेफ्टी फीचर्स तक में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए जा सकते हैं। कंपनी इसे त्योहारी सीजन से पहले लॉन्च कर सकती है। हालांकि, Tata Motors ने अभी तक लॉन्च डेट और सभी फीचर्स की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
नई Tigor के एक्सटीरियर में Tata की नई डिजाइन लैंग्वेज देखने को मिल सकती है। कार के फ्रंट में पहले से ज्यादा स्लीक हेडलैंप दिए जाने की उम्मीद है, जिनमें इंटीग्रेटेड LED DRLs मिल सकते हैं। दोनों हेडलैंप को ग्लॉसी ब्लैक ट्रिम से जोड़े जाने की संभावना है। इसके अलावा फ्रंट बंपर को भी नए डिजाइन के साथ अपडेट किया जा सकता है। इसमें ज्यादा शार्प लाइन और चौड़ा एयर इनटेक मिलने की उम्मीद है।
साइड प्रोफाइल में बड़े बदलाव की संभावना कम है, लेकिन नए डिजाइन के अलॉय व्हील कार को नया लुक दे सकते हैं। पीछे की तरफ कनेक्टेड LED टेललैंप और नया बंपर दिए जाने की उम्मीद है। खास बात यह है कि नई Tigor में 360-डिग्री कैमरा सिस्टम भी मिल सकता है। इसके लिए कार के फ्रंट और ORVM के नीचे कैमरे लगाए जाने की संभावना है।
इंटीरियर की बात करें तो यहां सबसे बड़ा अपग्रेड इंफोटेनमेंट सिस्टम के रूप में देखने को मिल सकता है। नई Tigor में 10.25-इंच का फ्लोटिंग टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलने की उम्मीद है। इसके साथ डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और अपडेटेड डैशबोर्ड लेआउट भी दिया जा सकता है। वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay, वायरलेस फोन चार्जिंग, Type-C चार्जिंग पोर्ट, ऑटो-फोल्डिंग ORVM और नया स्टीयरिंग व्हील भी संभावित फीचर्स में शामिल हैं।
सेफ्टी के मामले में भी Tata बड़ा बदलाव कर सकती है। फेसलिफ्ट मॉडल में सभी वेरिएंट्स में छह एयरबैग स्टैंडर्ड दिए जाने की उम्मीद है। 360-डिग्री कैमरा भी पार्किंग और तंग जगहों में कार चलाने के दौरान सुरक्षा और सुविधा बढ़ा सकता है।
मैकेनिकल स्तर पर बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। पेट्रोल मॉडल में मौजूदा 1.2-लीटर इंजन जारी रह सकता है, जो 86 PS की पावर और 113 Nm का टॉर्क देता है। CNG वर्जन में भी मौजूदा पावरट्रेन जारी रहने की संभावना है। पेट्रोल और CNG दोनों मॉडल में 5-स्पीड मैनुअल और 5-स्पीड AMT विकल्प मिलने की उम्मीद है। कुछ रिपोर्टों में AMT वेरिएंट में पैडल शिफ्टर्स मिलने की संभावना भी जताई गई है।
Tigor EV के फेसलिफ्ट मॉडल को भी समान डिजाइन और फीचर अपडेट मिलने की उम्मीद है। इसमें अपडेटेड Tiago EV से लिए गए 19 kWh और 24 kWh बैटरी पैक इस्तेमाल किए जाने की संभावना है, हालांकि इसकी रेंज अलग हो सकती है।