नशरा संधू का कहर, 7 रन देकर झटके 6 विकेट; पाकिस्तान एशिया कप सेमीफाइनल में

दुबई: नशरा संधू की रिकॉर्डतोड़ गेंदबाजी के दम पर पाकिस्तान ने महिला T20 एशिया कप 2026 में हॉन्ग कॉन्ग को 72 रन से हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए ग्रुप ए के मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 143/8 रन बनाए। जवाब में हॉन्ग कॉन्ग की पूरी टीम 19 ओवर में 71 रन पर सिमट गई। पाकिस्तान की इस जीत की सबसे बड़ी स्टार नशरा संधू रहीं, जिन्होंने सिर्फ 7 रन देकर 6 विकेट हासिल किए।

पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम की शुरुआत बहुत मजबूत नहीं रही, लेकिन शावाल जुल्फिकार ने पारी को संभालते हुए महत्वपूर्ण 47 रन बनाए। उन्होंने 35 गेंदों की अपनी पारी में सात चौके लगाए। आयशा जफर ने 19 गेंदों पर 26 रन बनाकर उनका साथ दिया, जबकि कप्तान फातिमा सना ने नाबाद 24 रन की पारी खेली। इन पारियों की मदद से पाकिस्तान ने 20 ओवर में 143 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

144 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हॉन्ग कॉन्ग की शुरुआत बेहद खराब रही। फातिमा सना और सादिया यूसुफ ने शुरुआती ओवरों में दो विकेट निकालकर पाकिस्तान को अच्छी शुरुआत दिलाई। हॉन्ग कॉन्ग का स्कोर 28 रन तक पहुंचा ही था कि नशरा संधू ने गेंदबाजी संभाली और इसके बाद मुकाबले का पूरा रुख बदल गया।

नशरा ने यास्मिन दासवानी को कैच एंड बोल्ड कर साझेदारी तोड़ी। इसके बाद उन्होंने लगातार विकेट निकालते हुए हॉन्ग कॉन्ग के बल्लेबाजी क्रम को बिखेर दिया। उन्होंने मरीना लैम्पलॉ, बीबी, शांजीन शाहजाद और एलिसन सिउ को भी अपना शिकार बनाया। अपने चार ओवर के आखिरी गेंद पर इकरा सहार को बोल्ड करके नशरा ने छह विकेट पूरे किए।

नशरा की गेंदबाजी ने एक नया रिकॉर्ड भी बनाया। वह महिला T20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में छह विकेट लेने वाली पहली पाकिस्तानी गेंदबाज बन गईं। उनके 6/7 के आंकड़े पाकिस्तान की महिला T20I टीम के लिए अब तक के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आंकड़े भी हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड ओमैमा सोहैल के नाम था, जिन्होंने 2022 में श्रीलंका के खिलाफ 13 रन देकर पांच विकेट लिए थे। नशरा को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

हॉन्ग कॉन्ग की ओर से कारी चान ने सबसे ज्यादा 30 रन बनाए, लेकिन उन्हें छोड़कर कोई बल्लेबाज पाकिस्तान के गेंदबाजी आक्रमण के सामने टिक नहीं सका। पूरी टीम 19 ओवर में 71 रन पर ऑलआउट हो गई और पाकिस्तान ने 72 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

इस जीत के साथ पाकिस्तान ने ग्रुप ए में चार अंक हासिल कर सेमीफाइनल में जगह बना ली। टीम अब 11 सितंबर को दूसरे सेमीफाइनल में श्रीलंका का सामना करेगी। भारत के खिलाफ पिछले मुकाबले में मिली हार के बाद पाकिस्तान के लिए यह जीत आत्मविश्वास बढ़ाने वाली साबित हुई है।

लेटेस्ट न्यूज़