लंदन: सऊदी अरब की एक प्रमुख तेल पाइपलाइन के बंद होने से वैश्विक तेल आपूर्ति को बड़ा झटका लगने का खतरा पैदा हो गया है। ड्रोन हमले के बाद बंद की गई देश की East-West पाइपलाइन अगर जल्द दोबारा शुरू नहीं होती है, तो सऊदी अरब की तेल निर्यात क्षमता पर गंभीर असर पड़ सकता है। कारोबारियों और उद्योग से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, इससे वैश्विक तेल आपूर्ति का करीब 4 फीसदी हिस्सा प्रभावित हो सकता है।
यह पाइपलाइन सऊदी अरब के पूर्वी तेल क्षेत्रों को लाल सागर के तट पर स्थित यानबू बंदरगाह से जोड़ती है। करीब 1,200 किलोमीटर लंबी यह पाइपलाइन पिछले कई महीनों से सऊदी अरब के लिए बेहद महत्वपूर्ण रही है, क्योंकि इसके जरिए तेल को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से बचाकर लाल सागर के रास्ते निर्यात किया जा सकता था। होर्मुज में जारी संघर्ष और समुद्री यातायात में भारी कमी के बीच यह वैकल्पिक मार्ग सऊदी तेल निर्यात के लिए अहम बना हुआ था।
पाइपलाइन के जरिए हाल के महीनों में करीब 40 लाख बैरल प्रतिदिन तेल भेजा जा रहा था। यह मात्रा वैश्विक तेल आपूर्ति के लगभग 4 फीसदी के बराबर है। शुक्रवार को हुए ड्रोन हमले के बाद सऊदी अधिकारियों ने एहतियाती कदम के तौर पर पाइपलाइन को बंद कर दिया। हालांकि, पाइपलाइन को फिर से चालू करने में कितना समय लगेगा, इसकी आधिकारिक समयसीमा अभी सामने नहीं आई है।
सबसे बड़ी चिंता सऊदी अरब के मौजूदा तेल भंडार को लेकर है। उद्योग से जुड़े तीन सूत्रों के मुताबिक, यानबू बंदरगाह पर उपलब्ध स्टॉक से करीब पांच से सात दिनों तक निर्यात जारी रखा जा सकता है। मिस्र के कुछ बंदरगाहों में भी सऊदी तेल का सीमित भंडार मौजूद है, लेकिन ये भंडार भी लंबे समय तक आपूर्ति बनाए रखने के लिए पर्याप्त नहीं माने जा रहे हैं।
पाइपलाइन की मरम्मत को लेकर अलग-अलग अनुमान सामने आए हैं।एक अनुमान के मुताबिक क्षतिग्रस्त हिस्से को ठीक करने में पांच से छह सप्ताह तक लग सकते हैं, जबकि दूसरे अनुमान में इससे कम समय में मरम्मत पूरी होने और आंशिक रूप से पंपिंग शुरू होने की संभावना जताई गई है। ऐसे में आने वाले कुछ दिन वैश्विक तेल बाजार के लिए बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।
इस संकट के बीच कच्चे तेल की कीमतों पर पहले से ही दबाव है। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में बाधित समुद्री यातायात के कारण वैश्विक ईंधन बाजार पहले ही तंग स्थिति में है। तेल की कीमतों में लगातार तेजी से परिवहन लागत और महंगाई बढ़ने का खतरा है।
अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी के मुताबिक, अगस्त में सऊदी अरब की तेल आपूर्ति तीन दशक से अधिक समय के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई थी। देश का उत्पादन फरवरी के 1.09 करोड़ बैरल प्रतिदिन से घटकर अगस्त में करीब 62 लाख बैरल प्रतिदिन रह गया। इसी बीच यमन के हूती लड़ाकों की ओर से लाल सागर क्षेत्र में बढ़ती गतिविधियां भी तेल आपूर्ति और समुद्री परिवहन के लिए अतिरिक्त जोखिम पैदा कर रही हैं।
अगर पाइपलाइन जल्द चालू नहीं होती और क्षेत्रीय संघर्ष और बढ़ता है, तो वैश्विक तेल बाजार में आपूर्ति का संकट और गहरा सकता है। इसका असर पेट्रोल-डीजल की कीमतों, परिवहन लागत और दुनिया भर में महंगाई पर पड़ने की आशंका है।