नागोया: केरल की 27 वर्षीय निशानेबाज विदर्शा के विनोद ने एशियन गेम्स 2026 में इतिहास रच दिया है। जापान में आयोजित 20वें एशियन गेम्स के महिला 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में विदर्शा ने भारत को सिल्वर मेडल दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इसके साथ ही वह एशियन गेम्स में शूटिंग में पदक जीतने वाली केरल की पहली महिला खिलाड़ी बन गई हैं। यह विदर्शा का पहला एशियन गेम्स भी है।
भारत की टीम में विदर्शा के साथ एलावेनिल वलारिवन और सोनम उत्तम मस्कर शामिल थीं। तीनों ने मिलकर 1898.0 अंक हासिल किए और दूसरे स्थान पर रहते हुए रजत पदक जीता। चीन ने 1904.2 अंकों के साथ गोल्ड मेडल अपने नाम किया, जबकि मेजबान जापान 1897.1 अंकों के साथ कांस्य पदक पर रहा। विदर्शा ने व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन में 630.4 अंक हासिल किए और 55 निशानेबाजों के बीच 12वें स्थान पर रहीं।
विदर्शा ने बताया कि अपने पहले एशियन गेम्स में पदक जीतना उनके लिए बेहद खुशी का पल है। उन्होंने कहा कि शूटिंग में केरल से बहुत कम लोग आते हैं और वह राज्य की पहली महिला निशानेबाज बनकर खुश हैं जिसने एशियन गेम्स में इस खेल में पदक जीता है।
कोझिकोड की रहने वाली विदर्शा ने 2018 में नेशनल कैडेट कोर यानी NCC के जरिए शूटिंग शुरू की थी। अगले साल उन्होंने इसे पेशे के तौर पर अपनाने का फैसला किया। शुरुआत में उन्हें इस खेल को जारी रखने में कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा। उनके पास अपना राइफल भी नहीं था और वह NCC या उधार के हथियारों से अभ्यास करती थीं। बाद में परिवार के सहयोग से उन्होंने अपना राइफल खरीदा और दिल्ली में ट्रेनिंग शुरू की। राष्ट्रीय कोच मनोज कुमार ने भी उनके करियर में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विदर्शा की यात्रा में व्यक्तिगत स्तर पर भी कई त्याग शामिल रहे। करीब डेढ़ साल पहले उनकी शादी हुई थी, लेकिन शादी के बाद उन्होंने जल्द ही ट्रेनिंग और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना शुरू कर दिया। इसके कारण वह अपने पति के साथ ज्यादा समय नहीं बिता सकीं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, पति, परिवार के अन्य सदस्यों और कोच के समर्थन को दिया।
10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में पदक जीतने के बाद अब विदर्शा का ध्यान अपने मुख्य इवेंट पर है। वह 26 सितंबर को महिला 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। उन्होंने कहा कि एशियन गेम्स में मिली यह सफलता उन्हें इस इवेंट की तैयारी के लिए और ऊर्जा देगी।
भारत के लिए यह पदक एशियन गेम्स 2026 में शूटिंग अभियान की शुरुआत में आया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोनम उत्तम मस्कर, एलावेनिल वलारिवन और विदर्शा के विनोद को रजत पदक जीतने पर बधाई दी।
केरल सरकार की ओर से भी विदर्शा की उपलब्धि पर बधाई दी गई है। राज्य सरकार ने एशियन गेम्स पदक विजेताओं के लिए नकद पुरस्कारों की घोषणा की है, जिसमें रजत पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए 30 लाख रुपये का पुरस्कार शामिल है।