नई दिल्ली: वैज्ञानिकों ने 100 साल से भी ज्यादा समय बाद जंगली बिल्ली की एक नई प्रजाति की पहचान की है। इस नई प्रजाति का नाम ‘Leopardus tilcayo’ रखा गया है, जिसे ‘तिलकाया कैट’ भी कहा जा रहा है। यह दक्षिण अमेरिका के बोलिविया के जंगलों में पाई जाती है। आकार में यह एक सामान्य घरेलू बिल्ली के करीब है, लेकिन इसके शरीर पर धब्बे और धारियां होने के कारण इसे इलाके में पाई जाने वाली अन्य जंगली बिल्लियों से अलग पहचानना लंबे समय तक मुश्किल रहा।
इस खोज की शुरुआत बोलिविया की वैज्ञानिक डॉ. पाओला नोगालेस-अस्कारुंज ने की। वह छोटी जंगली बिल्लियों के एक समूह पर अध्ययन कर रही थीं, जिन्हें टाइगर कैट्स के नाम से जाना जाता है। ये बिल्लियां कोस्टा रिका से लेकर बोलिविया और अर्जेंटीना तक मध्य और दक्षिण अमेरिका के कई हिस्सों में पाई जाती हैं।
डॉ. नोगालेस-अस्कारुंज की खास दिलचस्पी ‘टिग्रिनो’ नाम की 10 साल की एक बिल्ली में हुई। टिग्रिनो को एक स्थानीय व्यक्ति ने जंगल में पाया था और शुरुआत में उसे घरेलू बिल्ली का बच्चा समझा गया था। लेकिन जैसे-जैसे वह बड़ा हुआ, उसका व्यवहार यह संकेत देने लगा कि वह घर में पाली जाने वाली सामान्य बिल्ली नहीं है। वैज्ञानिकों ने यह भी सुना था कि बोलिविया के युंगास क्षेत्र के घने जंगलों में ऐसी छोटी जंगली बिल्लियां देखी गई हैं, लेकिन इन दावों की वैज्ञानिक जांच नहीं हुई थी।
इसके बाद शोधकर्ताओं की टीम ने टाइगर कैट्स के पारिवारिक इतिहास को समझने के लिए उनके DNA का अध्ययन किया। जांच के परिणामों ने वैज्ञानिकों को चौंका दिया। टिग्रिनो का DNA दूसरी ज्ञात टाइगर कैट्स से अलग पाया गया। इससे पुष्टि हुई कि वह केवल किसी मौजूदा प्रजाति का अलग दिखने वाला सदस्य नहीं, बल्कि एक अलग प्रजाति से संबंधित है।
शोधकर्ताओं को अध्ययन के दौरान यह भी संकेत मिले कि टाइगर कैट्स की संख्या पहले मानी जाने वाली तीन प्रजातियों के बजाय पांच तक हो सकती है। नई पहचानी गई तिलकाया कैट इनमें से एक है। हालांकि, फिलहाल इस प्रजाति का केवल एक पुष्ट सदस्य टिग्रिनो ही वैज्ञानिक रूप से दर्ज है। शोधकर्ताओं का मानना है कि जंगलों में इसके और भी सदस्य मौजूद हो सकते हैं।
वैज्ञानिकों के मुताबिक इस खोज का संरक्षण के लिहाज से भी महत्व है। किसी प्रजाति को बचाने के लिए पहले यह जानना जरूरी है कि वह प्रजाति कौन सी है और कहां पाई जाती है। टाइगर कैट्स पहले से ही वनों की कटाई, प्राकृतिक आवास के नुकसान और अवैध शिकार जैसे खतरों का सामना कर रही हैं।
इस खोज से वैज्ञानिकों के बीच जंगली बिल्लियों की कुल संख्या को लेकर भी नई चर्चा शुरू हुई है। फिलहाल दुनिया में जंगली बिल्लियों की 41 मान्यता प्राप्त प्रजातियां हैं, लेकिन नई खोजों के आधार पर यह संख्या 44 या उससे अधिक हो सकती है। वैज्ञानिकों को उम्मीद है कि इस खोज से छोटी जंगली बिल्लियों और उनके संरक्षण की ओर भी अधिक ध्यान जाएगा।