Qualcomm ने लॉन्च किए Snapdragon 8 Elite Extreme Gen 6 और Elite Gen 6, 2nm चिप के साथ AI पर बड़ा फोकस

नई दिल्ली: Qualcomm ने स्मार्टफोन के लिए अपनी नई फ्लैगशिप चिपसेट सीरीज पेश की है। कंपनी ने Snapdragon 8 Elite Extreme Gen 6 और Snapdragon 8 Elite Gen 6 को लॉन्च किया है। दोनों मोबाइल प्लेटफॉर्म को 2nm प्रोसेस पर तैयार किया गया है और इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, गेमिंग, कैमरा और कनेक्टिविटी से जुड़े कई अपग्रेड दिए गए हैं। नई चिपसेट सीरीज को खास तौर पर ऑन-डिवाइस AI और अगली पीढ़ी के प्रीमियम एंड्रॉयड स्मार्टफोन के लिए तैयार किया गया है।

नई चिपसेट में Qualcomm का कस्टम Oryon CPU, Adreno GPU और Hexagon NPU दिया गया है। दोनों प्लेटफॉर्म में CPU की अधिकतम क्लॉक स्पीड 5GHz तक है। Snapdragon 8 Elite Gen 6 में पिछले जेनरेशन की तुलना में CPU परफॉर्मेंस में 10 प्रतिशत और पावर एफिशिएंसी में 37 प्रतिशत सुधार का दावा किया गया है। वहीं, Adreno GPU की परफॉर्मेंस 35 प्रतिशत तक बेहतर हुई है, जबकि इसकी एफिशिएंसी में 40 प्रतिशत सुधार किया गया है। Hexagon NPU की परफॉर्मेंस में भी 14 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है।

इस बार Qualcomm ने AI को चिपसेट का एक प्रमुख हिस्सा बनाया है। नई Hexagon NPU में Element Accelerator दिया गया है, जो AI मॉडल और ट्रांसफॉर्मर आधारित वर्कलोड को संभालने में मदद करेगा। कंपनी के मुताबिक, इससे स्मार्टफोन में कई AI काम सीधे डिवाइस पर किए जा सकेंगे। इसका इस्तेमाल यूजर की जरूरतों के मुताबिक व्यक्तिगत अनुभव देने और अलग-अलग कामों को अधिक तेजी से पूरा करने में किया जा सकता है।

Snapdragon 8 Elite Extreme Gen 6 इस सीरीज का अधिक शक्तिशाली मॉडल है। इसमें AI से जुड़े अतिरिक्त हार्डवेयर फीचर्स दिए गए हैं। इसकी बड़ी shared memory क्षमता बड़े AI मॉडल को डिवाइस पर चलाने में मदद करती है। Qualcomm के अनुसार, Extreme मॉडल 30 अरब से अधिक पैरामीटर वाले Mixture-of-Experts AI मॉडल को भी ऑन-डिवाइस संभाल सकता है। इसमें Adreno Neural Fusion जैसी तकनीक भी दी गई है, जो AI की मदद से मोबाइल गेमिंग के ग्राफिक्स को बेहतर बनाने पर केंद्रित है।

कैमरा और वीडियो के मामले में भी Extreme मॉडल में अतिरिक्त क्षमताएं मिलती हैं। यह 8K वीडियो रिकॉर्डिंग को 60 फ्रेम प्रति सेकंड तक सपोर्ट करता है, जबकि 4K स्लो-मोशन रिकॉर्डिंग 240 फ्रेम प्रति सेकंड तक की जा सकती है। इसमें AI आधारित इमेज प्रोसेसिंग के जरिए फोटो और वीडियो की क्वालिटी बेहतर करने की सुविधाएं भी शामिल हैं।

कनेक्टिविटी के लिए नई चिपसेट में Qualcomm X105 5G Modem-RF System और FastConnect 8800 दिया गया है। Snapdragon 8 Elite Gen 6 में 14.8Gbps तक की पीक डाउनलोड स्पीड और 11.6Gbps तक की Wi-Fi स्पीड का सपोर्ट मिलता है।

Qualcomm के मुताबिक, Snapdragon 8 Elite Extreme Gen 6 और Snapdragon 8 Elite Gen 6 से लैस स्मार्टफोन HONOR, iQOO, Motorola, OnePlus, OPPO, REDMI, RedMagic, vivo और Xiaomi जैसे ब्रांडों की ओर से आने वाले हैं। इन चिपसेट के साथ आने वाले स्मार्टफोन अगली पीढ़ी के प्रीमियम एंड्रॉयड डिवाइस होंगे।

लेटेस्ट न्यूज़