मुंबई: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर Cockroach Janta Party (CJP) ने शुक्रवार, 2 अक्टूबर को मुंबई के शिवाजी पार्क में बड़ा प्रदर्शन किया। पुलिस की ओर से अनुमति नहीं दिए जाने के बावजूद हजारों लोग प्रदर्शन में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर चुनाव आयोग के खिलाफ नारे लगाए।
प्रदर्शन के दौरान ‘Gyanesh, it’s done bro’ और ‘Gyanu must go’ जैसे नारे लगाए गए। कई प्रदर्शनकारी हाथों में तिरंगा और अलग-अलग संदेशों वाले पोस्टर लेकर पहुंचे थे। कुछ पोस्टरों में ‘Gyanesh BRO, JUST RESIGN’ और ‘The Janta Has a Spine’ जैसे संदेश लिखे थे। CJP के संस्थापक अभिजीत डिपके और संगठन के अन्य पदाधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया।
CJP ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के अलावा 2025 की मतदाता सूची को फ्रीज करने, SIR प्रक्रिया को रोकने और चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति से जुड़े 2023 के कानून को बदलकर अधिक पारदर्शी व्यवस्था बनाने की मांग की। संगठन का आरोप है कि SIR के दौरान मतदाता सूचियों में बड़े पैमाने पर नाम हटाए गए और इस प्रक्रिया में अनियमितताएं हुईं। हालांकि, चुनाव आयोग ने SIR से जुड़े फैसलों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत लिए जाने और तीन सदस्यीय आयोग द्वारा फैसले सर्वसम्मति से लिए जाने की बात कही है।
प्रदर्शन में फिल्म और सांस्कृतिक जगत से भी कई लोग पहुंचे। अभिनेता शबाना आजमी और नसीरुद्दीन शाह, संगीतकार और गायक विशाल ददलानी, फिल्म निर्देशक विशाल भारद्वाज और महात्मा गांधी के परपोते तुषार गांधी समेत कई हस्तियां प्रदर्शन में शामिल हुईं। छात्र संगठनों और कुछ राजनीतिक दलों ने भी आंदोलन को समर्थन दिया।
प्रदर्शन के दौरान CJP नेताओं ने आगे भी आंदोलन जारी रखने का संकेत दिया। संगठन ने कहा कि उसकी मांगें पूरी होने तक देश के अलग-अलग हिस्सों में प्रदर्शन किए जाएंगे। प्रदर्शन को देखते हुए शिवाजी पार्क और आसपास के इलाकों में पुलिस की भारी तैनाती की गई थी। अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए इलाके की निगरानी की।
मुंबई में प्रदर्शन के साथ ही दिल्ली में भी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन हुआ। वहां पुलिस ने जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोका और बड़ी संख्या में लोगों को हिरासत में लिया। इस तरह गांधी जयंती के मौके पर CEC के खिलाफ विरोध देश के दो प्रमुख शहरों में देखने को मिला।
प्रदर्शन के बाद CJP संस्थापक अभिजीत डिपके ने कहा कि अगर ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते हैं तो संगठन दिल्ली में 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर एक और बड़े प्रदर्शन की तैयारी करेगा। उन्होंने इसे ‘Jantar Mantar 2.0’ बताया और देशभर से समर्थकों के दिल्ली पहुंचने की अपील की।