मुंबई: महाराष्ट्र में चुनावी प्रक्रिया को लेकर विपक्षी दलों ने रविवार को मुंबई में बड़ा प्रदर्शन किया। शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे ने संयुक्त रूप से ‘विराट गर्जना मोर्चा’ का नेतृत्व किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग के साथ महाराष्ट्र में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी Special Intensive Revision (SIR) को रद्द करने और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) से मतदान बंद कर बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग उठाई।
मोर्चा दक्षिण मुंबई के मेट्रो सिनेमा से शुरू होकर बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) मुख्यालय तक पहुंचा। इसमें कांग्रेस और शरद पवार के नेतृत्व वाली NCP (SP) के वरिष्ठ नेताओं और बड़ी संख्या में समर्थकों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शन की एक खास बात यह रही कि आयोजकों ने राजनीतिक दलों के झंडों की अनुमति नहीं दी। प्रदर्शनकारियों से केवल तिरंगा लेकर शामिल होने की अपील की गई थी। हजारों लोगों की भीड़ के बीच ‘वोट चोरी’ और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर नारे लगाए गए।
राज ठाकरे ने कहा कि महाराष्ट्र में SIR की पूरी प्रक्रिया रद्द होनी चाहिए। उन्होंने EVM का इस्तेमाल बंद कर बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग दोहराई। राज ठाकरे ने दावा किया कि वह 2017-18 से ही चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर सवाल उठाते रहे हैं। उन्होंने मतदाताओं की संख्या में अचानक कमी आने पर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव आयोग को यह स्पष्ट करना चाहिए कि बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम सूची से क्यों बाहर हुए।
उद्धव ठाकरे ने भी चुनाव आयोग और SIR को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मतदाताओं के अधिकार प्रभावित किए जा रहे हैं और प्रदर्शन का उद्देश्य लोकतंत्र तथा संविधान की रक्षा करना है। दोनों नेताओं ने CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। हालांकि, चुनाव आयोग मतदाता सूची के पुनरीक्षण को रिकॉर्ड को अपडेट करने और अपात्र, मृत या स्थानांतरित मतदाताओं की पहचान करने की प्रक्रिया बताता रहा है।
महाराष्ट्र में SIR के बाद जारी मसौदा मतदाता सूची में 2.06 करोड़ से अधिक लोगों के नाम शामिल नहीं हुए हैं। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, राज्य में SIR से पहले करीब 9.78 करोड़ मतदाता थे, जबकि मसौदा सूची में 7.71 करोड़ से अधिक नाम शामिल किए गए। करीब 2.06 करोड़ लोगों के फॉर्म इसलिए शामिल नहीं हो सके क्योंकि वे लोग ट्रेस नहीं हुए, मृत पाए गए या अपना पता बदल चुके थे। पात्र मतदाताओं को दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का मौका दिया गया था और अंतिम मतदाता सूची 4 नवंबर को प्रकाशित होने वाली है।
प्रदर्शन के दौरान विपक्षी नेताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और चुनावी पारदर्शिता को लेकर सवाल उठाए। वहीं, बीजेपी ने विपक्ष के आरोपों को खारिज किया है। बीजेपी नेता आशीष शेलार ने विपक्ष के EVM विरोध पर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव जीतने के समय यही दल EVM और चुनाव आयोग को स्वीकार करते रहे हैं। उन्होंने SIR को मतदाता सूची को अधिक साफ और सुरक्षित बनाने की प्रक्रिया बताया।