‘दिल्ली पुलिस अनुमति देने वाली कौन होती है?’ CJP का 10 अक्टूबर प्रदर्शन पर ऐलान, जंतर-मंतर पर जुटने की तैयारी

नई दिल्ली: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर Cockroach Janta Party (CJP) ने 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन के लिए दिल्ली पुलिस को औपचारिक सूचना दी है। CJP के सह-संयोजक सौरव दास ने बुधवार को संसद मार्ग थाने पहुंचकर पुलिस को पत्र सौंपा। हालांकि, पुलिस ने बाद में प्रस्तावित प्रदर्शन के लिए अनुमति देने से इनकार कर दिया।

दास ने कहा कि पुलिस को सूचना देने का उद्देश्य बाद में इस बात को लेकर कोई विवाद न हो कि प्रदर्शन के बारे में अधिकारियों को पहले से जानकारी दी गई थी या नहीं। उन्होंने कहा कि संगठन ने पुलिस को आवश्यक अंडरटेकिंग भी दी है और प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग किया जाएगा।

हालांकि, दास ने प्रदर्शन के लिए ‘अनुमति’ शब्द के इस्तेमाल पर ही सवाल उठाया। उनका कहना है कि जंतर-मंतर पहले से निर्धारित प्रदर्शन स्थल है, जहां शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन होते हैं। उनके मुताबिक, पुलिस का काम प्रदर्शनकारियों की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था संभालना होना चाहिए, न कि नागरिकों को प्रदर्शन की अनुमति देना।

CJP ने 10 अक्टूबर के प्रदर्शन का आह्वान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर किया है। संगठन का आरोप है कि मतदाता सूची के Special Intensive Revision (SIR) में अनियमितताएं हुई हैं। चुनाव आयोग इन आरोपों और तीन सदस्यीय चुनाव पैनल में मतभेद के दावों को खारिज कर चुका है और कहा है कि SIR से जुड़े फैसले सर्वसम्मति से लिए गए हैं।

प्रदर्शन को CJP के अलावा कुछ छात्र संगठनों का भी समर्थन मिला है। AISA, AISF, SFI और Association of Students for Alternative Politics (ASAP) के प्रतिनिधियों ने भी संयुक्त प्रदर्शन की घोषणा की है। संगठनों ने लोगों से 10 अक्टूबर को दिल्ली पहुंचने की अपील की है।

दास ने कहा है कि आंदोलन केवल ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक सीमित नहीं रहेगा। उनका कहना है कि चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची व्यवस्था में व्यापक सुधार की जरूरत है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा पैदा न हो।

इस बीच, दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस के अनुसार, निर्धारित स्थल पर प्रदर्शन के लिए पहले से अनुमति लेना जरूरी है और जंतर-मंतर पर अधिकतम 1,000 लोगों की सीमा भी लागू है। पुलिस ने बताया है कि आवेदन कम से कम 10 दिन पहले देना होता है।

CJP का प्रदर्शन ऐसे समय में प्रस्तावित है जब दिल्ली में SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कई विरोध प्रदर्शन हो चुके हैं। पिछले दिनों INDIA ब्लॉक के सांसदों समेत कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया था। पुलिस ने नई दिल्ली इलाके में निषेधाज्ञा लागू होने का भी हवाला दिया है।

 

लेटेस्ट न्यूज़