नई दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की तैयारी के बीच सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। Cockroach Janta Party (CJP) के नेतृत्व में होने वाले इस प्रदर्शन में छात्र संगठनों के भी शामिल होने की बात कही गई है।
प्रदर्शनकारी चुनाव आयोग की ओर से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी Special Intensive Revision (SIR) की प्रक्रिया पर सवाल उठा रहे हैं। CJP का आरोप है कि इस प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं के नाम हटाए जाने से उनके मतदान के अधिकार प्रभावित हो सकते हैं।
CJP ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के साथ-साथ SIR प्रक्रिया पर रोक लगाने और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली में जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की है।
दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार किया है। इसके बावजूद आयोजकों ने आंदोलन जारी रखने का रुख अपनाया है। प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी के कई इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई गई है और सार्वजनिक परिवहन पर भी प्रतिबंधों की खबरें सामने आई हैं।
CJP का कहना है कि उसकी लड़ाई केवल एक अधिकारी के इस्तीफे तक सीमित नहीं है, बल्कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा भी इसके प्रमुख मुद्दे हैं।
नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सामने आए दृश्यों में परिसर में अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती दिखाई दे रही है। CJP के प्रदर्शन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
CJP के प्रदर्शन से पहले सरकार की ओर से लगाई गई पाबंदियों को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने शनिवार को आलोचना की। उन्होंने कहा कि असहमति की आवाज़ को दबाने की कोशिशों से BJP की मुश्किलें और बढ़ेंगी। मोहन एस्टेट इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। समाचार एजेंसी ANI की ओर से साझा किए गए दृश्यों में इलाके में पुलिसकर्मियों की तैनाती और सड़क पर स्पाइक स्ट्रिप्स लगाए जाने की तस्वीरें सामने आई हैं।
दिल्ली में प्रदर्शन से पहले लगाई गई पाबंदियों को लेकर CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा, “मोदी ने हमारा प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही हार मान ली है।” दिपके ने राजधानी में लगाई गई सख्त पाबंदियों की तुलना लॉकडाउन जैसी स्थिति से करते हुए सरकार की आलोचना की।