नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में CJP के विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर मेट्रो स्टेशनों को बंद रखने और रेल सेवाओं पर प्रतिबंध लगाने के मामले में अधिकारियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। शनिवार को सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर कर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अवमानना की कार्यवाही शुरू करने की मांग की गई। याचिकाकर्ता ने आरोप लगाया कि अधिकारियों ने 10 अक्टूबर को मेट्रो और भारतीय रेलवे की ट्रेनों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध नहीं लगाने संबंधी शीर्ष अदालत के निर्देशों का पालन नहीं किया।
यह याचिका शैलेंद्र मणि त्रिपाठी की ओर से दाखिल की गई है। इसमें केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन सहित अन्य अधिकारियों को पक्षकार बनाया गया है। याचिका में कहा गया है कि सुप्रीम कोर्ट के 9 अक्टूबर के आदेश के बावजूद राजधानी में कई मेट्रो स्टेशनों को बंद रखने का फैसला जारी रहा। इसके कारण आम लोगों की दैनिक गतिविधियां प्रभावित हुईं और यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने 9 अक्टूबर को एक अन्य याचिका पर सुनवाई करते हुए यह निर्देश दिया था। उस याचिका में प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली के 57 मेट्रो स्टेशनों को बंद करने और दिल्ली आने वाली ट्रेनों को रद्द किए जाने के फैसले को चुनौती दी गई थी। CJP यानी कॉकroach जनता पार्टी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन का आह्वान किया था।
शुक्रवार को मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची तथा न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने केंद्र सरकार से यह सुनिश्चित करने को कहा था कि 10 अक्टूबर को विरोध प्रदर्शन के कारण दिल्ली आने वाली मेट्रो और ट्रेनों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक न लगे। अदालत ने स्पष्ट किया था कि सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर परिवहन सेवाओं को पूरी तरह ठप नहीं किया जा सकता।
पीठ ने कहा था कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने का अधिकार है, लेकिन आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। अदालत के अनुसार, परिवहन सेवाओं पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और उन्हें नियंत्रित तरीके से संचालित करने के बीच अंतर है।
सुप्रीम कोर्ट ने यह भी निर्देश दिया था कि मेट्रो और रेल सेवाओं के संचालन से जुड़ा निर्णय व्यापक रूप से प्रचारित किया जाए। साथ ही, शहर में यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए समाचार पत्रों और ऑनलाइन माध्यमों पर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी करने की बात कही गई थी।
इस बीच, दिल्ली मेट्रो की एडवाइजरी के अनुसार, सुरक्षा कारणों से शुक्रवार रात 9 बजे से शनिवार शाम 6 बजे तक 45 मेट्रो स्टेशन बंद रखे गए।