मैच में कैसे आए गोल?
मैच की शुरुआत में दोनों टीमों के बीच मुकाबला बराबरी का रहा, लेकिन 30वें मिनट में अर्दा गुलर ने शानदार शॉट लगाकर रियल मैड्रिड को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके सात मिनट बाद एमबाप्पे ने अपनी व्यक्तिगत कुशलता का प्रदर्शन करते हुए दूसरा गोल दाग दिया। जूड बेलिंगहैम के बैकहील पास के बाद एमबाप्पे ने डिफेंडरों को छकाया और गोलकीपर को मात देकर गेंद नेट में पहुंचा दी। हाफ टाइम तक मैड्रिड 2-0 से आगे था।
दूसरे हाफ में सेविला ने वापसी की कोशिश की। हालांकि, 63वें मिनट में एमबाप्पे को पेनल्टी मिली, जिसे उन्होंने पनेन्का शैली में गोल में बदलकर अपना डबल पूरा किया। इसके साथ ही रियल मैड्रिड की बढ़त 3-0 हो गई।
सेविला की ओर से मैनुएल बुएनो ने 80वें मिनट में गोल करके स्कोर 3-1 किया। लेकिन मेहमान टीम की खुशी ज्यादा देर नहीं टिकी। दो मिनट बाद यान डियोमांडे ने शानदार व्यक्तिगत प्रयास के बाद जोरदार शॉट लगाकर मैड्रिड का चौथा गोल कर दिया। मुकाबला 4-1 से समाप्त हुआ।
अंक तालिका में तीसरे स्थान पर मैड्रिड
इस जीत के बाद रियल मैड्रिड के नौ मैचों से 21 अंक हो गए और टीम ला लीगा में तीसरे स्थान पर पहुंच गई। एटलेटिको मैड्रिड उससे एक अंक आगे है, जबकि शीर्ष पर मौजूद बार्सिलोना की बढ़त रियल मैड्रिड पर छह अंकों की है। सेविला 14 अंकों के साथ छठे स्थान पर है।
इस मुकाबले में निलंबन के कारण विनीसियस जूनियर नहीं खेले, लेकिन एमबाप्पे, गुलर और डियोमांडे के शानदार प्रदर्शन ने टीम की कमी महसूस नहीं होने दी।
मैच की एक और अहम घटना एडर मिलिताओ की वापसी रही। वह अप्रैल में हैमस्ट्रिंग की सर्जरी के बाद पहली बार मैदान पर उतरे। अब रियल मैड्रिड की नजर अगले रविवार बार्सिलोना के खिलाफ होने वाले अहम मुकाबले पर होगी, जो खिताबी दौड़ के लिहाज से महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।