PM आवास के पास स्थित ऐतिहासिक रेस कोर्स मस्जिद को 6 दिन में खाली करने का नोटिस, बिजली-पानी की सप्लाई भी बंद

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक आवास के पास स्थित ऐतिहासिक रेस कोर्स मस्जिद को छह दिनों के भीतर खाली करने का नोटिस जारी किया गया है। भूमि एवं विकास कार्यालय (L&DO) ने मस्जिद परिसर को अनधिकृत बताते हुए यह नोटिस दिया है। इस बीच मस्जिद की बिजली और पानी की आपूर्ति भी बंद किए जाने की बात सामने आई है। इस कार्रवाई को लेकर मुस्लिम संगठनों और नेताओं ने चिंता जताई है।

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, यह मस्जिद नई दिल्ली के रेस कोर्स इलाके में स्थित है और प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास 7 लोक कल्याण मार्ग के नजदीक है। L&DO का कहना है कि मस्जिद सरकारी जमीन पर बनी है, जबकि मस्जिद से जुड़े प्रतिनिधियों और मुस्लिम संगठनों का दावा है कि यह वक्फ संपत्ति है और ऐतिहासिक धरोहर की सूची में भी दर्ज है।

मस्जिद के इमाम मोहम्मद हारून ने आरोप लगाया कि बिजली और पानी के कनेक्शन 7 अक्टूबर को काट दिए गए थे। उनके मुताबिक, पिछले छह महीनों से वह दिल्ली वक्फ बोर्ड के अधिकारियों से संपर्क कर रहे थे, लेकिन समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। इमाम ने यह भी कहा कि परिसर तक आने-जाने के रास्ते में बाधा आने से नमाजियों को परेशानी हो रही है।

मस्जिद के संरक्षण की मांग को लेकर जमीयत उलेमा-ए-हिंद के एक प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू से मुलाकात की। संगठन ने मस्जिद और उससे सटे कब्रिस्तान की सुरक्षा के लिए हस्तक्षेप करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने दावा किया कि यह स्थल 1977 के दिल्ली गजट में संदर्भित नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) की धरोहर सूची में दर्ज है। संगठन ने संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट मंगाने और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने तक किसी भी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई रोकने की मांग की।

AIMIM प्रमुख और सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने भी इस मामले में किरेन रिजिजू से तत्काल हस्तक्षेप की अपील की। ओवैसी ने दिल्ली वक्फ बोर्ड की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि संपत्ति के संरक्षण के लिए आवश्यक कदम नहीं उठाए गए। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली वक्फ बोर्ड का गठन 2023 से नहीं हुआ है।

वहीं, आम आदमी पार्टी के नेता अमानतुल्लाह खान ने भी मस्जिद को संभावित रूप से हटाए जाने पर चिंता जताई है।

फिलहाल, मस्जिद की जमीन की कानूनी स्थिति और धरोहर के दर्जे को लेकर विवाद बना हुआ है। प्रशासन और मस्जिद से जुड़े पक्षों के दावों के बीच आगे की कार्रवाई पर नजर है।

लेटेस्ट न्यूज़