नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन की टैरिफ नीति और वीजा प्रतिबंधों को लेकर भारत की चिंताओं के बीच अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि ये कदम भारत को निशाना बनाने या उसे नुकसान पहुंचाने के लिए नहीं उठाए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से बातचीत के दौर से गुजर रही ट्रेड डील को अंतिम रूप देने में अब कुछ ही हफ्ते लग सकते हैं।
भारत के दो दिवसीय दौरे पर आए रुबियो ने द इंडियन एक्सप्रेस को दिए इंटरव्यू में कहा कि अमेरिका की वीजा नीति में बदलाव किसी एक देश के लिए नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए किए जा रहे हैं। उनके मुताबिक, अमेरिकी प्रशासन इमिग्रेशन सिस्टम को ज्यादा प्रभावी और टिकाऊ बनाने की कोशिश कर रहा है।
‘भारत को नुकसान पहुंचाना मकसद नहीं’
रुबियो ने कहा कि अमेरिका की टैरिफ नीति का उद्देश्य भारत को दंडित करना नहीं है। उन्होंने रूस-यूक्रेन युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि अमेरिका की कुछ व्यापारिक नीतियां युद्ध को समाप्त कराने से जुड़ी व्यापक विदेश नीति का हिस्सा हैं।
उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि टैरिफ से भारत-अमेरिका के आर्थिक संबंधों पर असर पड़ सकता है। इसलिए इस मुद्दे को सावधानी से संभालना जरूरी है।
रुबियो के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर प्रस्तावित अतिरिक्त टैरिफ लागू नहीं करने का फैसला इसलिए भी लिया, क्योंकि इससे दोनों देशों के महत्वपूर्ण संबंधों को नुकसान पहुंच सकता था।
वीजा प्रतिबंधों पर क्या बोले रुबियो?
अमेरिका में वीजा नियमों को सख्त किए जाने और भारतीय छात्रों तथा पेशेवरों के सामने बढ़ती चुनौतियों को लेकर पूछे गए सवाल पर रुबियो ने कहा कि यह कदम केवल भारत के लिए नहीं है।
उन्होंने कहा कि दुनिया के लगभग हर देश में उन्हें वीजा प्रक्रिया को लेकर शिकायतें सुनने को मिलती हैं। अमेरिकी प्रशासन का दावा है कि इमिग्रेशन व्यवस्था में लंबे समय से चली आ रही कमियों को दूर करने के लिए ये बदलाव किए जा रहे हैं।
रुबियो ने कहा कि अमेरिका में कानूनी इमिग्रेशन व्यवस्था के लिए सबसे बड़ा खतरा अवैध इमिग्रेशन है। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका उन लोगों का स्वागत करना जारी रखेगा, जो नियमों का पालन करते हुए वहां पढ़ने, काम करने, निवेश करने या घूमने जाना चाहते हैं।
भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर 99 फीसदी काम पूरा
भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते को लेकर रुबियो ने सकारात्मक संकेत दिए। उन्होंने कहा कि समझौते पर करीब 99 फीसदी काम पूरा हो चुका है और इसे अंतिम रूप देने में महीनों नहीं, बल्कि कुछ हफ्ते लग सकते हैं।
हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि कुछ मुद्दों पर अभी सहमति बननी बाकी है। उनके मुताबिक, बातचीत का बचा हुआ हिस्सा मुख्य रूप से समझौते की भाषा और कुछ शब्दों के अर्थ को लेकर है, ताकि दोनों देश शर्तों को एक ही तरह से समझ सकें।
भारत और अमेरिका के बीच इस समझौते पर डेढ़ साल से ज्यादा समय से बातचीत चल रही है। व्यापार और टैरिफ से जुड़े मतभेद दोनों देशों के आर्थिक संबंधों में प्रमुख मुद्दे बने हुए हैं।
पाकिस्तान और चीन के साथ संबंधों पर भी दिया भरोसा
रुबियो ने भारत की उन चिंताओं पर भी प्रतिक्रिया दी, जो अमेरिका के पाकिस्तान के सैन्य नेतृत्व और चीन के साथ संबंधों को लेकर सामने आती रही हैं।
उन्होंने कहा कि अमेरिका किसी दूसरे देश के साथ अपने संबंधों को भारत के साथ साझेदारी की कीमत पर आगे नहीं बढ़ाता। उनके मुताबिक, वॉशिंगटन भारत के साथ अपने संबंधों को किसी दूसरे देश के साथ रिश्तों के बदले के रूप में नहीं देखता।
रुबियो का यह बयान ऐसे समय आया है, जब भारत और अमेरिका व्यापार, ऊर्जा सुरक्षा, रक्षा और तकनीक जैसे क्षेत्रों में सहयोग बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं।
फिलहाल, रुबियो के बयानों से भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर उम्मीद बढ़ी है। हालांकि, समझौते पर अंतिम सहमति और उसके लागू होने की तारीख को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।