लखनऊ: बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात ‘अर्नब’ के संभावित प्रभाव को देखते हुए उत्तर प्रदेश में मौसम बदलने का अनुमान है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 28 से 31 अक्टूबर के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बेमौसम बारिश की संभावना है। इसे देखते हुए राज्य सरकार ने लोगों और किसानों के लिए सतर्कता संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, चक्रवात के 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के तट पर बापटला और विशाखापत्तनम के बीच पहुंचने का अनुमान है। इस दौरान हवा की रफ्तार 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जबकि तेज झोंकों की गति 140 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने की आशंका है। तट से टकराने के बाद इसका प्रभाव मध्य प्रदेश और बिहार के कुछ हिस्सों से होते हुए उत्तर प्रदेश के मौसम पर पड़ सकता है।
इन जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अनुमान
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 28 अक्टूबर को सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, गाजीपुर और बलिया में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
29 अक्टूबर को प्रयागराज, चित्रकूट, कौशांबी, प्रतापगढ़, वाराणसी, मिर्जापुर और सोनभद्र समेत कई जिलों में भारी बारिश की आशंका है। कुछ इलाकों में तेज हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। 30 अक्टूबर को पूर्वांचल, अवध और तराई के कई जिलों में भी बारिश होने का अनुमान है।
तापमान में गिरावट, किसानों को सतर्क रहने की सलाह
बारिश के कारण प्रदेश के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान में पांच से आठ डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। राहत आयुक्त कार्यालय ने किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की सलाह दी है। खेतों में जल निकासी की व्यवस्था बनाए रखने, पकी फसलों को सुरक्षित रखने और खुले में रखे अनाज को बारिश से बचाने पर जोर दिया गया है।
लोगों से सावधानी बरतने की अपील
प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देने और आंधी-तूफान के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों तथा कमजोर ढांचों से दूर रहने की अपील की है। बिजली चमकने के दौरान खुले मैदानों और जलाशयों के पास जाने से बचने की सलाह भी दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात के आगे बढ़ने के साथ स्थानीय परिस्थितियों के आधार पर बारिश की तीव्रता और प्रभावित जिलों के पूर्वानुमान में बदलाव हो सकता है। इसलिए लोगों को ताजा आधिकारिक मौसम बुलेटिन पर नजर रखने की जरूरत है।