हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेस में UAE ने भारत को हराया, 6 विकेट से दर्ज की जीत

नई दिल्ली: हांगकांग सिक्सेस 2026 में भारतीय टीम को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा है। शनिवार, 31 अक्टूबर को खेले गए ग्रुप-सी मुकाबले में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने भारत को छह विकेट से हरा दिया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 94 रन बनाए थे। जवाब में UAE ने बिना कोई विकेट गंवाए 4.2 ओवर में 97 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

भारत की ओर से टी. नटराजन ने सबसे ज्यादा 38 रन बनाए। उन्होंने सिर्फ 14 गेंदों का सामना करते हुए तीन चौके और चार छक्के लगाए। राहुल त्रिपाठी ने सात गेंदों पर 24 रन की तेज पारी खेली, जिसमें तीन छक्के और एक चौका शामिल था। कप्तान क्रुणाल पांड्या ने आठ गेंदों पर 15 रन बनाए। हालांकि, भारतीय टीम के बाकी बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और टीम छह ओवर में 94 रन तक ही पहुंच सकी।

UAE की ओर से गेंदबाजी में जाहिद अली सबसे सफल रहे। उन्होंने दो ओवर में 32 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। मुहम्मद फारूक और मोहम्मद फराज़ुद्दीन को भी एक-एक विकेट मिला।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी UAE की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। कप्तान और विकेटकीपर खालिद शाह ने महज 14 गेंदों पर नाबाद 52 रन बनाए। उनकी पारी में तीन चौके और छह छक्के शामिल थे। वहीं, अनश टंडन ने 12 गेंदों पर नाबाद 39 रन बनाए। उन्होंने दो चौके और पांच छक्के लगाए। दोनों बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया और टीम को आसानी से जीत दिला दी।

भारत की ओर से टी. नटराजन ने दो ओवर में 43 रन दिए, जबकि क्रुणाल पांड्या ने केवल 0.2 ओवर में 12 रन खर्च किए। UAE के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही तेजी से रन बनाए और भारतीय गेंदबाजी पर दबाव बनाए रखा।

इससे पहले भारत को पाकिस्तान के खिलाफ भी हार मिली थी। पाकिस्तान ने उस मुकाबले में भारत को चार विकेट से हराया था। इस तरह ग्रुप-सी में भारत को लगातार दूसरी हार झेलनी पड़ी। UAE के खिलाफ मिली हार के बाद भारतीय टीम के लिए टूर्नामेंट में आगे का रास्ता चुनौतीपूर्ण हो गया है।

 

लेटेस्ट न्यूज़