जामिया में 18 दिन का छात्र आंदोलन खत्म, मई 2027 तक बनेगा छात्र संघ का संविधान

नई दिल्ली: जामिया मिल्लिया इस्लामिया में छात्र संघ की बहाली की मांग को लेकर पिछले 18 दिनों से जारी आंदोलन गुरुवार, 29 अक्टूबर को विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ बातचीत के बाद समाप्त हो गया। प्रशासन ने छात्र संघ के संविधान को मंजूरी देने और लागू करने के लिए 15 मई 2027 की समयसीमा तय की है। इसके साथ ही आगामी शैक्षणिक सत्र शुरू होने के छह सप्ताह के भीतर छात्र संघ चुनाव कराने का आश्वासन दिया गया है।

छात्रों की मुख्य मांग विश्वविद्यालय में लोकतांत्रिक तरीके से चुने गए छात्र संघ की बहाली थी। जामिया में छात्र संघ वर्ष 2006 से भंग है। इस बार आंदोलन के दौरान छात्रों ने चुनाव की प्रक्रिया के लिए स्पष्ट तारीख और समयसीमा तय करने की मांग की थी। इससे पहले प्रशासन ने चुनाव कराने की सहमति तो दी थी, लेकिन संविधान को मंजूरी देने की कोई निश्चित समयसीमा नहीं बताई थी। इसी वजह से छात्रों ने आंदोलन जारी रखा।

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार को प्रशासन और छात्रों के प्रतिनिधियों के बीच सात घंटे से ज्यादा समय तक बातचीत हुई। इसके बाद रजिस्ट्रार कार्यालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया कि छात्र संघ का संविधान 15 मई 2027 तक मंजूर और लागू किया जाएगा। चुनाव आगामी शैक्षणिक सत्र शुरू होने के लगभग छह सप्ताह के भीतर कराए जाएंगे। यह प्रक्रिया लिंगदोह समिति की सिफारिशों के अनुरूप होगी।

समझौते के तहत आंदोलन में शामिल छात्रों के खिलाफ जारी शो-कॉज नोटिस, अनुशासनात्मक कार्रवाई, निलंबन, निष्कासन और कैंपस में प्रवेश पर लगाई गई पाबंदियां भी वापस लेने का फैसला किया गया। छात्रों ने इन कार्रवाइयों को वापस लेने की मांग को आंदोलन की प्रमुख शर्तों में शामिल किया था।

आंदोलन के दौरान कुछ छात्र भूख हड़ताल पर भी बैठे थे। बातचीत में विभिन्न छात्र संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इनमें AISA, NSUI, SFI, MSF, फ्रेटरनिटी मूवमेंट और दिशा जैसे संगठन शामिल थे।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने 30 अक्टूबर को जारी एक अन्य आदेश में ऑफलाइन कक्षाएं और शैक्षणिक गतिविधियां 10 नवंबर से फिर शुरू करने की जानकारी दी। इससे पहले ऑनलाइन कक्षाएं और परीक्षाएं कराने का फैसला लिया गया था।

छात्र संघ के संविधान और चुनाव की समयसीमा तय होने के बाद आंदोलन समाप्त हो गया है। हालांकि, अब इस समझौते के तहत तय समयसीमा में संविधान लागू करना और चुनाव कराना विश्वविद्यालय प्रशासन के सामने अगली बड़ी जिम्मेदारी होगी।

 

लेटेस्ट न्यूज़