नई दिल्ली: चुनाव आयोग ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया के दौरान ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से बाहर रह गए मतदाताओं को एक और मौका देने का फैसला किया है। आयोग ने दिल्ली समेत छह राज्यों में ऐसे मतदाताओं के लिए एन्यूमरेशन फॉर्म दोबारा जमा करने की व्यवस्था शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इस फैसले का उद्देश्य उन योग्य मतदाताओं को अंतिम वोटर लिस्ट में शामिल होने का अवसर देना है, जिनके नाम किसी वजह से ड्राफ्ट लिस्ट में नहीं आ सके थे।
इस फैसले के दायरे में दिल्ली, महाराष्ट्र, हरियाणा, आंध्र प्रदेश, झारखंड, तेलंगाना और नागालैंड शामिल हैं। चुनाव आयोग ने 6 नवंबर को संबंधित राज्यों और केंद्रशासित प्रदेश दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी किए।
किन मतदाताओं को मिलेगा मौका?
आयोग के मुताबिक, ऐसे मतदाता जिन्हें एन्यूमरेशन फॉर्म जारी किए गए थे, लेकिन उनके नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में शामिल नहीं हो सके, उन्हें दोबारा आवेदन का मौका मिलेगा। इनमें वे लोग भी शामिल हैं जिन्हें ASDD यानी Absent, Shifted, Dead और Duplicate की श्रेणी में रखा गया था।
इसका मतलब है कि जिन मतदाताओं को अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत या डुप्लीकेट के रूप में दर्ज किया गया था, वे अब अपना पक्ष रख सकेंगे और जरूरी दस्तावेजों के साथ फॉर्म दोबारा जमा कर सकेंगे।
BLO घर-घर जाकर करेंगे संपर्क
चुनाव आयोग ने बूथ लेवल ऑफिसर्स (BLOs) को ऐसे मतदाताओं से दोबारा संपर्क करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए घर-घर जाकर जानकारी जुटाने के अलावा WhatsApp, ईमेल और SMS के जरिए भी संपर्क किया जाएगा।
इसके अलावा, ऐसे मतदाताओं की बूथवार सूची दोबारा मतदान केंद्रों, पंचायत भवनों और शहरी निकाय कार्यालयों के नोटिस बोर्ड पर लगाई जाएगी। संबंधित राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों की वेबसाइट पर भी ये सूचियां उपलब्ध कराई जाएंगी।
जिनका पता बदल गया है, उनके लिए भी व्यवस्था
आयोग ने उन मतदाताओं के लिए अलग व्यवस्था की है, जो उसी राज्य के भीतर अपना निवास स्थान बदल चुके हैं। ऐसे लोगों को अपना नया पता और विधानसभा क्षेत्र बताकर एन्यूमरेशन फॉर्म जमा करना होगा। उन्हें अलग से Form 8 भरने की जरूरत नहीं होगी।
वहीं, बेघर मतदाताओं के मामले में BLO की फील्ड वेरिफिकेशन रिपोर्ट को निवास के प्रमाण के रूप में स्वीकार किया जा सकेगा। मतदाता अपने पुराने EPIC यानी वोटर आईडी नंबर का इस्तेमाल करके चुनाव आयोग की वेबसाइट या ECINET ऐप से भी फॉर्म डाउनलोड कर सकते हैं।
पुराने वोटर आईडी नंबर रहेंगे बरकरार
चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिन मतदाताओं के आवेदन स्वीकार होंगे, उनके पुराने EPIC नंबर बहाल किए जाएंगे। साथ ही अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी योग्य मतदाता का नाम केवल तकनीकी या प्रक्रियागत वजहों से अंतिम मतदाता सूची से बाहर न रह जाए।
इस पूरी प्रक्रिया में डुप्लीकेट नामों को रोकने के लिए भी जरूरी जांच की जाएगी।