81 साल की उम्र में M. John Harrison ने रचा इतिहास, बने सबसे उम्रदराज बुकर पुरस्कार विजेता

नई दिल्ली: ब्रिटिश लेखक एम. जॉन हैरिसन ने 2026 का प्रतिष्ठित बुकर पुरस्कार जीतकर साहित्य की दुनिया में इतिहास रच दिया है। 81 साल की उम्र में यह सम्मान हासिल कर वह बुकर पुरस्कार के इतिहास में सबसे उम्रदराज विजेता बन गए हैं। उन्हें यह पुरस्कार अपने उपन्यास The End of Everything के लिए मिला है। पुरस्कार की घोषणा 9 नवंबर को लंदन में आयोजित समारोह में की गई।

हैरिसन को इस जीत के साथ 50,000 पाउंड (करीब 62 लाख रुपये) की पुरस्कार राशि और ट्रॉफी दी गई। यह उनका पहला बुकर पुरस्कार नामांकन था। खास बात यह है कि 2022 में वह खुद बुकर पुरस्कार की जूरी का हिस्सा रह चुके हैं।

क्या है उपन्यास की कहानी?

The End of Everything एक डिस्टोपियन यानी विनाश के बाद की दुनिया पर आधारित उपन्यास है। इसकी कहानी इंग्लैंड के केंट तट पर भविष्य के एक ऐसे दौर में घटती है, जहां एक रहस्यमयी घटना के बाद समाज का ढांचा लगभग टूट चुका है। कहानी के केंद्र में फिलिप टेनेन्ट नाम का एक व्यक्ति है, जो समुद्र किनारे बहकर आने वाली अजीब वस्तुओं को इकट्ठा करके अपना गुजारा करता है।

उपन्यास में फिलिप अपनी बुजुर्ग आंटी मार्नी के साथ रहता है। इस दुनिया में कानून-व्यवस्था कमजोर पड़ चुकी है और लोगों के सामने जीवन को सामान्य बनाए रखने की चुनौती है। कहानी में ‘iGhetti’ नाम के रहस्यमयी रूप बदलने वाले जीवों का भी जिक्र है, जिनके आने के बाद दुनिया की व्यवस्था बदल गई है।

यह उपन्यास आधुनिक समाज, राजनीतिक हालात और इंसानी समझ की सीमाओं पर व्यंग्य करता है। 198 पन्नों की यह किताब इस साल की शॉर्टलिस्ट में शामिल सबसे छोटी किताब थी।

जूरी ने क्यों चुना उपन्यास?

इस साल बुकर पुरस्कार की जूरी की अध्यक्षता इतिहासकार और लेखिका मैरी बियर्ड ने की। उन्होंने उपन्यास को वर्तमान राजनीति को भविष्य के नजरिए से देखने वाली रचना बताया। उनके मुताबिक, कहानी पाठकों को असहज करने के साथ-साथ सोचने और मुस्कुराने का मौका भी देती है। जूरी ने सर्वसम्मति से इस उपन्यास को विजेता चुना।

60 साल का साहित्यिक सफर

एम. जॉन हैरिसन का लेखन करियर करीब छह दशकों का रहा है। वह अब तक 13 उपन्यास और पांच कहानी संग्रह प्रकाशित कर चुके हैं। उन्हें पहले भी Nova Swing और The Sunken Land Begins to Rise Again जैसी रचनाओं के लिए साहित्यिक सम्मान मिल चुके हैं।

इस साल बुकर पुरस्कार की शॉर्टलिस्ट में कुल छह लेखक शामिल थे। इनमें मार्लन जेम्स, ल्यूक केनार्ड, रेबेका पेरी, एलिजाबेथ स्ट्राउट और डगलस स्टुअर्ट के नाम भी थे।

हैरिसन की यह जीत इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने 2019 में संयुक्त रूप से बुकर पुरस्कार जीतने वाली मार्गरेट एटवुड का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है। एटवुड ने 79 साल की उम्र में यह पुरस्कार जीता था।

लेटेस्ट न्यूज़