गुरुग्राम में केमिकल टैंक के अंदर दम घुटने से 3 कर्मचारियों की मौत, कंपनी प्रबंधन पर केस

गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम में एक निजी कंपनी में काम के दौरान दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां केमिकल टैंक के अंदर काम करने गए तीन कर्मचारियों की मौत हो गई। आरोप है कि टैंक में जहरीले केमिकल और गैस मौजूद थे, लेकिन कर्मचारियों को बिना जरूरी सुरक्षा उपकरणों के अंदर भेज दिया गया था। इस मामले में पुलिस ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज किया है।

यह घटना गुरुग्राम के धुमसपुर स्थित सैंडहार टेक्नोलॉजीज लिमिटेड की यूनिट में सोमवार को हुई। मृतकों की पहचान 56 वर्षीय नरेश यादव, 46 वर्षीय अनिल झा और 21 वर्षीय मोहम्मद आरिफ के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, तीनों कर्मचारी कंपनी के टैंक में काम करने के लिए अंदर गए थे। इसी दौरान वे बेहोश हो गए। काफी देर तक जब उनकी स्थिति का पता चला तो कंपनी के अन्य कर्मचारियों ने उन्हें टैंक से बाहर निकाला और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

बिना सुरक्षा उपकरणों के काम कराने का आरोप

मामले में नरेश यादव के बेटे ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कंपनी प्रबंधन ने तीनों कर्मचारियों को जहरीले केमिकल और गैस से भरे टैंक में बिना जरूरी सुरक्षा उपकरण दिए काम करने के लिए भेजा था।

शिकायतकर्ता का कहना है कि अगर कर्मचारियों को उचित सुरक्षा इंतजाम उपलब्ध कराए गए होते तो शायद उनकी जान बचाई जा सकती थी।

नरेश यादव गुरुग्राम के बादशाहपुर के रहने वाले थे और साल 2021 से कंपनी की धुमसपुर यूनिट में वेल्डर के तौर पर काम कर रहे थे। वहीं, अनिल झा बिहार के नवादा जिले के रहने वाले थे, जबकि मोहम्मद आरिफ बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से थे।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

गुरुग्राम पुलिस के मुताबिक, 11 नवंबर को अस्पताल से तीन लोगों को मृत अवस्था में लाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही के कारण मौत से जुड़ी धाराओं में FIR दर्ज की है। तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाना है और मामले की आगे जांच की जा रही है।

इस घटना ने एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में कर्मचारियों की सुरक्षा और काम करने की परिस्थितियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

लेटेस्ट न्यूज़