जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में लापता दो SPO के गोली लगे शव मिले

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में लापता हुए दो स्पेशल पुलिस अधिकारियों (SPOs) के शव मिलने से इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। दोनों अधिकारियों के शव गुरुवार सुबह डच्छन इलाके के जंगल से बरामद किए गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों के शरीर पर गोलियों के निशान मिले हैं और उनके सर्विस हथियार भी घटनास्थल से गायब हैं।

मृतक अधिकारियों की पहचान रशपाल कुमार और बाबी चंद के रूप में हुई है। दोनों किश्तवाड़ के डच्छन इलाके के रहने वाले थे और पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) से जुड़े हुए थे।

जानकारी के मुताबिक, दोनों अधिकारी बुधवार को गश्त पर निकले थे। वे डच्छन और मरवाह इलाके के बीच स्थित एक अस्थायी सैन्य ठिकाने की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वे अचानक लापता हो गए। काफी समय तक उनके वापस नहीं पहुंचने और उनसे संपर्क नहीं हो पाने के बाद उनकी तलाश शुरू की गई।

गोलियों की आवाज सुनाई देने की भी खबर

रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों अधिकारियों के लापता होने से कुछ समय पहले स्थानीय लोगों ने कियार और डेरना के बीच जंगल वाले इलाके में गोलियों की आवाज सुनी थी। हालांकि, इस घटना से जुड़े सभी तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

दोनों अधिकारियों की तलाश के लिए पुलिस, सेना और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने संयुक्त अभियान शुरू किया था। आसपास के जंगलों और पहाड़ी इलाकों में तलाशी की गई। इसी दौरान गुरुवार सुबह उनके शव बरामद हुए।

सर्विस हथियार भी गायब

मामले में सबसे गंभीर बात यह है कि दोनों अधिकारियों के सर्विस हथियार घटनास्थल से नहीं मिले हैं। उनके शरीर पर गोली लगने के निशान भी पाए गए हैं। इस वजह से घटना में आतंकवादी हमले की आशंका जताई जा रही है।

सुरक्षा बलों ने इलाके में घेराबंदी कर तलाशी अभियान तेज कर दिया है। हमलावरों की पहचान और गायब हथियारों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे कौन लोग शामिल हैं, इसका पता लगाया जा रहा है।

लेटेस्ट न्यूज़