बेंगलुरु पहुंचे PM मोदी, 15,600 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन; पिंक लाइन मेट्रो को दिखाएंगे हरी झंडी

बेंगलुरु: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार, 13 नवंबर को कर्नाटक के दौरे पर बेंगलुरु पहुंचे। इस दौरान वह राज्य में 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इन परियोजनाओं में मेट्रो, रेलवे, ऊर्जा, पेट्रोलियम और शहरी बुनियादी ढांचे से जुड़े कई महत्वपूर्ण काम शामिल हैं।

प्रधानमंत्री के इस दौरे का प्रमुख आकर्षण बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन का उद्घाटन है। मोदी करीब 3,470 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस मेट्रो कॉरिडोर के कालना अग्रहारा से तवरेकेरे तक के हिस्से को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके बाद वह तवरेकेरे से आईआईएम बेंगलुरु मेट्रो स्टेशन तक यात्रा भी करेंगे। इस कॉरिडोर से शहर में सार्वजनिक परिवहन बेहतर होने और यात्रियों के सफर का समय कम होने की उम्मीद है।

प्रधानमंत्री बेंगलुरु-मंगलुरु-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन बेंगलुरु, तटीय कर्नाटक और गोवा के बीच तेज रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगी। इसके अलावा अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित चार रेलवे स्टेशनों चामराजनगर, चिकमगलूरु, सकलेशपुर और सुब्रह्मण्य रोड का भी उद्घाटन किया जाएगा।

ऊर्जा क्षेत्र में भी कई बड़ी परियोजनाएं शुरू की जाएंगी। इनमें कोप्पल और गडग के नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों के लिए करीब 4,450 करोड़ रुपये की ट्रांसमिशन योजना और बीदर में सौर ऊर्जा क्षेत्र के लिए लगभग 1,370 करोड़ रुपये की परियोजना शामिल है।

प्रधानमंत्री मंगलुरु में भारत की सबसे बड़ी भूमिगत एलपीजी भंडारण सुविधा भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। करीब 850 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस सुविधा की भंडारण क्षमता 80 हजार मीट्रिक टन है। इसके अलावा बेंगलुरु में गेल के कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट की आधारशिला रखी जाएगी। यह प्लांट प्रतिदिन करीब 300 टन नगरपालिका कचरे को प्रोसेस कर 12.6 टन बायोगैस तैयार कर सकेगा।

बेंगलुरु के कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री मैसूरु जाएंगे। वहां वह COSMOS-मैसूरु प्लैनेटेरियम का उद्घाटन करेंगे। यह भारत का पहला LED डोम प्लैनेटेरियम है, जिसमें करीब 4.2 करोड़ LED का इस्तेमाल किया गया है।

इस दौरे के जरिए केंद्र सरकार का फोकस कर्नाटक में परिवहन, स्वच्छ ऊर्जा और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर है।

लेटेस्ट न्यूज़