नई दिल्ली: अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस से करीब एक मील दूर गोलीबारी की घटना सामने आई है। गुरुवार सुबह लॉगन सर्कल इलाके में एक बंदूकधारी ने पांच लोगों को गोली मार दी। इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। बाद में पुलिस के साथ गतिरोध के दौरान संदिग्ध हमलावर ने खुद को भी गोली मार ली, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, गोलीबारी की शुरुआत गुरुवार सुबह करीब 8 बजे एक जिम के अंदर हुई। हमलावर ने सबसे पहले इमारत के मैनेजर जेम्स स्टुअर्ट (46) को निशाना बनाया। इसके बाद वह इमारत की सातवीं मंजिल पर स्थित अपने अपार्टमेंट में पहुंचा और वहां की बालकनी से सड़क पर मौजूद लोगों पर गोलियां चलाने लगा। इस दौरान चार अन्य लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही वॉशिंगटन मेट्रोपॉलिटन पुलिस विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक की हालत गंभीर बताई गई, जबकि तीन अन्य को गैर-जानलेवा चोटें आईं।
पुलिस ने हमलावर की पहचान 55 वर्षीय डॉक्टर मैट लैम्बर्ट के रूप में की है। घटना के बाद वह अपने अपार्टमेंट में barricade होकर बैठ गया था। पुलिस अधिकारियों और बातचीत कराने वाले विशेषज्ञों ने करीब एक घंटे तक उससे फोन पर संपर्क बनाए रखा। इसी दौरान अधिकारियों को गोली चलने की आवाज सुनाई दी। जब पुलिस ने अपार्टमेंट में प्रवेश किया, तो लैम्बर्ट वहां खुद को गोली मारने के बाद मृत मिला।
पुलिस को अपार्टमेंट से तीन हथियार और पेट्रोल भी मिला। अधिकारियों के मुताबिक, संदिग्ध ने अपार्टमेंट में आग लगाने की भी कोशिश की थी। हालांकि, दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि लैम्बर्ट का अपने अपार्टमेंट की होमओनर्स एसोसिएशन (HOA) के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। उसने इमारत में नमी, पानी के रिसाव और फफूंद की समस्या को लेकर वर्ष 2025 में एसोसिएशन के खिलाफ मुकदमा भी दायर किया था। पुलिस इस विवाद को हमले की संभावित वजह मानकर जांच कर रही है। हालांकि, अधिकारियों ने अभी किसी अंतिम मकसद की पुष्टि नहीं की है।
घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई और आसपास की सड़कों को बंद करना पड़ा। FBI और अन्य संघीय एजेंसियों ने भी जांच में स्थानीय पुलिस की मदद की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि व्हाइट हाउस के पास घटना होने के बावजूद इसका वहां की सुरक्षा व्यवस्था या किसी संरक्षित व्यक्ति से कोई सीधा संबंध सामने नहीं आया है।