Apple के NameDrop फीचर पर 1,500 करोड़ रुपये का मुकदमा, IIT दिल्ली के पूर्व छात्र के स्टार्टअप ने लगाए पेटेंट उल्लंघन के आरोप

नई दिल्ली: दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी Apple कानूनी विवाद में घिर गई है। IIT दिल्ली के पूर्व छात्र गौरव गोयल द्वारा स्थापित अमेरिकी स्टार्टअप GG Technologies ने Apple के खिलाफ बॉम्बे हाईकोर्ट में मुकदमा दायर किया है। स्टार्टअप ने Apple के NameDrop फीचर पर अपनी पेटेंट तकनीक के इस्तेमाल का आरोप लगाया है और कंपनी से 1,500 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की है।

यह विवाद iPhone के उस लोकप्रिय फीचर से जुड़ा है, जिसके जरिए दो यूजर्स अपने फोन को एक-दूसरे के करीब लाकर आसानी से कॉन्टैक्ट डिटेल साझा कर सकते हैं। Apple ने जून 2023 में iOS 17 के साथ NameDrop फीचर पेश किया था। बाद में इसे कुछ Apple Watch मॉडल्स के लिए भी उपलब्ध कराया गया।

क्या है स्टार्टअप का आरोप?

GG Technologies की स्थापना 2018 में गौरव गोयल ने की थी। कंपनी ने StayTouch नाम का एक ऐप विकसित किया है, जिसके जरिए यूजर्स अपने स्मार्टफोन को एक-दूसरे के करीब लाकर कॉन्टैक्ट डिटेल साझा कर सकते हैं। कंपनी का दावा है कि उसने इस तकनीक को Apple के NameDrop फीचर लॉन्च होने से कई साल पहले विकसित किया था।

स्टार्टअप के मुताबिक, उसकी तकनीक से जुड़े पेटेंट का नाम ‘Method and System for Proximity-Based Contact Transfer’ है। कंपनी ने मई 2019 में अमेरिका में इस तकनीक के लिए पेटेंट प्रक्रिया शुरू की थी। भारत में 2021 में पेटेंट आवेदन किया गया और 27 जुलाई 2024 को इसे मंजूरी मिली।

कंपनी का आरोप है कि Apple का NameDrop फीचर डिवाइस की पहचान करने, नजदीकी डिवाइस से कनेक्शन स्थापित करने, यूजर की सहमति लेने और कॉन्टैक्ट डिटेल साझा करने जैसी प्रक्रियाओं में उसकी पेटेंट तकनीक का इस्तेमाल करता है।

Apple के खिलाफ क्या मांग की गई है?

GG Technologies ने बॉम्बे हाईकोर्ट से 1,500 करोड़ रुपये के हर्जाने के अलावा NameDrop फीचर के इस्तेमाल पर रोक लगाने की मांग की है। स्टार्टअप ने अदालत से यह भी कहा है कि मामले की सुनवाई के दौरान Apple को भारत में इस फीचर को सॉफ्टवेयर अपडेट के जरिए बंद करने का निर्देश दिया जाए। कंपनी ने NameDrop वाले iPhone और Apple Watch की बिक्री और आयात पर प्रतिबंध लगाने की मांग भी की है।

अमेरिका में भी चल रहा है कानूनी विवाद

यह मामला सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है। GG Technologies ने अप्रैल 2026 में अमेरिका में भी Apple के खिलाफ पेटेंट उल्लंघन का मुकदमा दायर किया था। इसके अलावा अमेरिकी इंटरनेशनल ट्रेड कमीशन (ITC) ने अगस्त में इस मामले की जांच शुरू की थी।

फिलहाल बॉम्बे हाईकोर्ट में मामले की पहली सुनवाई की तारीख तय नहीं हुई है। कंपनी के आरोपों पर अभी अदालत का कोई अंतिम फैसला नहीं आया है। ऐसे में यह देखना अहम होगा कि अदालत इस पेटेंट विवाद में क्या रुख अपनाती है।

लेटेस्ट न्यूज़