नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण को लेकर एक नई रिपोर्ट ने केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड यानी CPCB की एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) मापने की पद्धति पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, CPCB का मौजूदा तरीका दिल्ली के सबसे प्रदूषित दिनों में हवा की वास्तविक गंभीरता को कम करके दिखा सकता है। इसका मतलब है कि जिस दिन हवा की गुणवत्ता ‘गंभीर’ यानी Severe श्रेणी में होनी चाहिए, उस दिन आधिकारिक आंकड़ों में उसे ‘बेहद खराब’ यानी Very Poor बताया जा सकता है।
हिंदुस्तान टाइम्स की एक विस्तृत जांच में सामने आया है कि CPCB की AQI गणना का तरीका उसके अपने प्रकाशित दिशानिर्देशों से अलग हो सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली में पिछले एक साल के आंकड़ों का विश्लेषण करने पर 23 दिन ऐसे मिले, जब AQI को निर्धारित नियमों के अनुसार मापा जाता तो शहर की हवा ‘गंभीर’ श्रेणी में होती। जबकि CPCB के आधिकारिक बुलेटिन में ऐसे दिनों की संख्या केवल 10 बताई गई।
आखिर AQI मापने में क्या है अंतर?
भारत में AQI की गणना के लिए प्रदूषण के अलग-अलग तत्वों जैसे PM2.5 और PM10 की निगरानी की जाती है। आधिकारिक दिशानिर्देशों के मुताबिक, इन प्रदूषकों के पिछले 24 घंटों के औसत स्तर को पहले निकाला जाना चाहिए। इसके बाद उस औसत के आधार पर AQI स्कोर तय किया जाता है।
लेकिन रिपोर्ट के अनुसार, CPCB की मौजूदा प्रणाली में हर घंटे के प्रदूषण स्तर को अलग-अलग AQI स्कोर में बदला जाता है और फिर उन 24 घंटों के स्कोर का औसत निकालकर अंतिम AQI जारी किया जाता है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, गणना के इन दोनों तरीकों से नतीजों में बड़ा अंतर आ सकता है। इसकी वजह यह है कि AQI स्केल पर प्रदूषण बढ़ने के साथ स्कोर में बदलाव एक समान नहीं होता। अधिक प्रदूषण वाले घंटों में स्कोर की बढ़ोतरी सीमित हो जाती है, जिससे प्रदूषण की वास्तविक गंभीरता कम दिखाई दे सकती है।
दिवाली के बाद सामने आया बड़ा अंतर
रिपोर्ट में 9 नवंबर का उदाहरण दिया गया है। दिवाली के अगले दिन CPCB ने दिल्ली का AQI 344 दर्ज किया था, जिसे ‘बेहद खराब’ श्रेणी में रखा गया। लेकिन रिपोर्ट के विश्लेषण के मुताबिक, निर्धारित पद्धति से गणना करने पर यह आंकड़ा 411 होना चाहिए था, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है।
आरके पुरम में भी बड़ा अंतर देखने को मिला। वहां 8 नवंबर को दिवाली की रात AQI की गणना निर्धारित तरीके से करने पर स्कोर 462 आया, जबकि CPCB का प्रकाशित आंकड़ा 397 था।
1000 से ऊपर की रीडिंग भी नहीं होती शामिल
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि CPCB ने 10 नवंबर को जारी स्पष्टीकरण में स्वीकार किया था कि PM2.5 की 1,000 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से अधिक की रीडिंग को गणना में शामिल नहीं किया जाता। बोर्ड के मुताबिक, इसकी वजह मॉनिटरिंग उपकरणों की तकनीकी सीमाएं हैं।
इस पूरे मामले में विशेषज्ञों ने पारदर्शिता की जरूरत बताई है। उनका कहना है कि AQI की गणना का तरीका और हर घंटे के प्रदूषण के आंकड़े सार्वजनिक होने चाहिए, ताकि स्वतंत्र रूप से भी इनकी जांच की जा सके।
हालांकि, CPCB की ओर से इस नई जांच में उठाए गए सवालों पर विस्तृत जवाब सामने नहीं आया है। यह मामला इसलिए भी अहम है क्योंकि AQI के आधार पर ही लोगों को प्रदूषण से जुड़े स्वास्थ्य जोखिमों की जानकारी और सावधानियां बताई जाती हैं।