पुणे: महाराष्ट्र के पुणे से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने खुद को भगवान का अवतार बताने वाले 59 वर्षीय एक ढोंगी बाबा राधामोहन मिश्रा और उसके सात सहयोगियों को बुधवार तड़के उबाले नगर स्थित एक बंगले से गिरफ्तार कर लिया। इन सभी पर एक महिला को सम्मोहित कर पिछले 15 वर्षों से उसका यौन शोषण, अमानवीय उत्पीड़न और मानसिक शोषण करने का गंभीर आरोप है।
पुलिस ने मुख्य आरोपी मिश्रा के साथ उसके पुरुष सहयोगी कंवल नयन और छह अन्य महिला सहयोगियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से सभी आरोपियों को 20 जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। मूल रूप से हरियाणा का रहने वाला राधामोहन मिश्रा पिछले कई सालों से पुणे में रह रहा था और उसने अपने अनुयायियों को विश्वास दिला रखा था कि वह भगवान का ही पुनर्जन्म है।
पुणे के सिंहगढ़ रोड की रहने वाली 41 वर्षीय पीड़िता, जो एक प्रतिष्ठित कंपनी में कार्यरत है, उसका परिवार साल 2010 में कंवल नयन के जरिए इस ढोंगी बाबा के संपर्क में आया था और जल्द ही पूरा परिवार उसका अंधभक्त बन गया था। इसके बाद आरोपी बाबा ने महिला के परिवार को विश्वास दिलाया कि उसे ‘सुधार’ की जरूरत है और उसे अपने आश्रम में रख लिया, जहां ‘आस्था और आज्ञाकारिता की परीक्षा’ लेने के बहाने महिला का भयानक शारीरिक और मानसिक शोषण शुरू हुआ।
पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, आरोपी मिश्रा ने 15 साल तक उसका यौन शोषण किया, उसे प्रताड़ित करने के लिए बिजली के झटके दिए, जबरन अपना मूत्र पीने के लिए मजबूर किया, बाबा के लिए पैसे चुराने और अपनी संपत्ति बाबा के नाम ट्रांसफर करने का दबाव बनाया, और यहाँ तक कि उसे अपने पति से तलाक लेने के लिए भी मजबूर किया। यही नहीं, आरोपी ने पीड़िता के परिवार को भी इस कदर गुमराह कर दिया था कि वे महिला के खिलाफ हो गए और उसे झूठा समझने लगे थे।
आश्रम में मिश्रा के सहयोगियों द्वारा महिला पर चौबीसों घंटे कड़ी नजर रखी जा रही थी, लेकिन आखिरकार पीड़िता ने हिम्मत दिखाई और आश्रम के सीसीटीवी कैमरों को तोड़कर वहां से भागने में सफल रही, जिसके बाद उसने अपने परिवार को इस पूरी आपबीती की जानकारी दी और मंगलवार रात पुलिस में मामला दर्ज कराया।