17 करोड़ का पैलेस बुक, फिर मंगेतर ने प्रेमी संग मिलकर बिजनेसमैन के बेटे को खाई में धकेला

यह शादी किसी सपने जैसी होने वाली थी, लेकिन एक खौफनाक साजिश ने सब कुछ तबाह कर दिया। महाराष्ट्र के एक प्रमुख व्यवसायी के युवा बेटे केतन अग्रवाल की पुणे के पास लोहागढ़ किले में फोटो खींचते समय खाई में गिरने से हुई मौत के मामले में अब एक चौंकाने वाला मोड़ आया है। पुलिस का कहना है कि केतन की मौत कोई हादसा नहीं थी, बल्कि उसकी मंगेतर और उसके प्रेमी ने मिलकर उसे धक्का दिया था। पुलिस ने इस घटना को “बेहद परेशान करने वाला” बताया है, जिसने दोनों परिवारों और जांचकर्ताओं को झकझोर कर रख दिया है। मामले की जांच कर रहे एक अधिकारी ने कहा कि सवाल यह है कि कोई इतना बेरहम कैसे हो सकता है।

केतन अग्रवाल गुरुवार, 18 जून को अपनी मंगेतर सिया गोयल का जन्मदिन मनाने के लिए उसके साथ लोहागढ़ ट्रेकिंग पर गया था। उसने सिया के साथ अपना भविष्य प्लान किया था और दोनों इस साल नवंबर में शादी करने वाले थे। शुरुआत में मंगेतर ने पुलिस को बताया कि फोटो खिंचवाने के दौरान केतन का पैर फिसल गया और वह घाटी में गिर गया, जिसके बाद करीब तीन घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद शव को बाहर निकाला गया। हालांकि, लोनावला ग्रामीण पुलिस को जांच के दौरान मंगेतर के बयानों में कई विसंगतियां मिलीं। मोबाइल डेटा, कॉल रिकॉर्ड्स और मौके पर मौजूद लोगों के बयानों ने पुलिस का शक बढ़ा दिया, जिसके बाद पुलिस ने मंगेतर और उसके प्रेमी को हिरासत में ले लिया।

जांचकर्ताओं के अनुसार, मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर केतन को गहरी घाटी में धकेल दिया था। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस साजिश में कोई और भी शामिल था। केतन महाराष्ट्र में पिंपरी-चिंचवाड़ के जाने-माने कंस्ट्रक्शन बिजनेसमैन विशाल अग्रवाल के बेटे थे। उनकी शादी नवंबर में राजस्थान के उदयपुर में होने वाली थी। सूत्रों के मुताबिक, परिवारों ने जयपुर में 17 करोड़ रुपये में एक पैलेस बुक किया था और मेहमानों को लाने-ले जाने के लिए दो प्राइवेट जेट विमानों की व्यवस्था भी की गई थी। शादी की तैयारियां जोरों पर थीं और एक रिश्तेदार ने बताया कि दोनों परिवार बहुत खुश थे, लेकिन इस घटना ने सबको गहरा सदमा दिया है।

पुलिस के मुताबिक, सिया गोयल केतन से शादी नहीं करना चाहती थी। उसने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची और इसमें अपने प्रेमी की मदद ली। वह अपने जन्मदिन के बहाने केतन को लोहागढ़ में ट्रेकिंग पर ले गई और मौका पाकर उसने चेतन के साथ मिलकर केतन को गहरी खाई में फेंक दिया। एसएसपी संदीप सिंह गिल ने बताया कि सिया और चेतन एक साथ काम करते थे और दोनों के बीच प्रेम संबंध था। उन्होंने कहा कि जांच में सामने आया है कि अपराध के समय चेतन भी घटनास्थल पर मौजूद था और दोनों आरोपियों ने केतन अग्रवाल की हत्या की साजिश रचने की बात कबूल कर ली है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दोनों आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं।

लेटेस्ट न्यूज़