PM मोदी ने 20 स्पेस स्टार्टअप के CEOs से की मुलाकात, बोले- आम लोगों की जिंदगी बेहतर बनाने में हो अंतरिक्ष तकनीक का इस्तेमाल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में 20 भारतीय स्पेस स्टार्टअप के CEOs और संस्थापकों से मुलाकात की। बैठक में भारत के तेजी से बढ़ते निजी अंतरिक्ष क्षेत्र, स्पेस टेक्नोलॉजी के व्यापक इस्तेमाल और वैश्विक स्तर पर सहयोग बढ़ाने के अवसरों पर चर्चा हुई।

बैठक में स्काईरूट एयरोस्पेस, अग्निकुल कॉसमॉस, पिक्सल, ध्रुव स्पेस, गैलेक्‍सी, पियरसाइट, बेलाट्रिक्स एयरोस्पेस और डिगंतारा समेत कई प्रमुख स्पेस स्टार्टअप के प्रतिनिधि शामिल हुए।

प्रधानमंत्री ने स्टार्टअप्स से अंतरिक्ष तकनीक को केवल अंतरिक्ष अभियानों तक सीमित न रखते हुए आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े क्षेत्रों में इसके इस्तेमाल की संभावनाएं तलाशने को कहा। उन्होंने विशेष रूप से कृषि, पशुपालन, डेयरी और पर्यावरण जैसे क्षेत्रों में स्पेस टेक्नोलॉजी के उपयोग पर जोर दिया।

कृषि के क्षेत्र में सैटेलाइट आधारित डेटा और तकनीक का इस्तेमाल किसानों को फसल, मौसम, मिट्टी और सिंचाई से जुड़े बेहतर फैसले लेने में मदद कर सकता है। इसी तरह पशुपालन और डेयरी क्षेत्र में भी अंतरिक्ष आधारित तकनीक के जरिए निगरानी और बेहतर प्रबंधन की संभावनाएं तलाशी जा सकती हैं।

मोदी ने स्पेस स्टार्टअप्स को अपने समाधानों का विस्तार करने और वैश्विक स्तर पर सहयोग के नए अवसर तलाशने के लिए भी प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि भारत के युवा उद्यमियों और स्टार्टअप्स की तकनीकी क्षमता को देश की विकास जरूरतों से जोड़कर बड़े स्तर पर बदलाव लाया जा सकता है।

प्रधानमंत्री ने अंतरिक्ष क्षेत्र में नवाचार और निजी भागीदारी को बढ़ावा देने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने स्पेस स्टार्टअप्स से ऐसे समाधान विकसित करने का आह्वान किया, जिनका सीधा लाभ आम लोगों तक पहुंचे और जो देश की आर्थिक तथा सामाजिक प्रगति में योगदान दे सकें।

यह बैठक ऐसे समय हुई है जब भारत का निजी अंतरिक्ष क्षेत्र तेजी से विस्तार कर रहा है और भारतीय स्टार्टअप सैटेलाइट, रॉकेट, अंतरिक्ष निगरानी और अन्य स्पेस टेक्नोलॉजी के क्षेत्रों में अपनी क्षमताएं विकसित कर रहे हैं।

 

लेटेस्ट न्यूज़