NEET पेपर लीक जांच में छात्र को मिली क्लीन चिट, बॉम्बे हाई कोर्ट ने NTA को रिजल्ट जारी करने का दिया आदेश

NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में जांच के दायरे में आए महाराष्ट्र के एक छात्र को बड़ी राहत मिली है। बॉम्बे हाई कोर्ट की नागपुर बेंच ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) को छात्र अथर्व डोनाडकर का NEET-UG रिजल्ट जारी करने का निर्देश दिया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की जांच में छात्र के खिलाफ किसी तरह की गड़बड़ी या पेपर लीक से जुड़े होने का सबूत नहीं मिला।

अथर्व ने 3 मई को आयोजित NEET-UG परीक्षा में हिस्सा लिया था। इसके बाद 21 जून को आयोजित दोबारा परीक्षा में भी वह शामिल हुआ। हालांकि, 15 मई को CBI ने उसके घर पर छापेमारी की थी, जिसके बाद उसका परीक्षा परिणाम रोक दिया गया था।

जांच के दौरान CBI ने अथर्व के घर से पढ़ाई से जुड़ी कुछ सामग्री और एक ऐसा प्रश्नपत्र बरामद किया था, जिस पर अलग रोल नंबर दर्ज था। जांच एजेंसी से मिली जानकारी के आधार पर NTA ने 15 जुलाई को छात्र को कारण बताओ नोटिस जारी किया।

अथर्व ने 17 जुलाई को नोटिस का जवाब देते हुए बताया कि उसके घर से मिली सामग्री उसके कोचिंग संस्थान की ओर से दिए गए मॉक प्रैक्टिस पेपर थे। उसने स्पष्ट किया कि ये वास्तविक परीक्षा के लीक हुए प्रश्नपत्र नहीं थे।

इसके बावजूद रिजल्ट जारी नहीं होने के कारण अथर्व राज्य की पहली केंद्रीकृत प्रवेश प्रक्रिया में शामिल नहीं हो सका। इसके बाद उसने अपना परिणाम जारी कराने के लिए बॉम्बे हाई कोर्ट का रुख किया।

मामले की सुनवाई के दौरान CBI ने अदालत को बताया कि जांच में छात्र को किसी तरह की गड़बड़ी से जोड़ने वाला कोई सबूत नहीं मिला है। इसके बाद न्यायमूर्ति अनिल किलोर और न्यायमूर्ति रजनीश व्यास की खंडपीठ ने NTA को अथर्व का NEET-UG परिणाम घोषित करने का निर्देश दिया।

अदालत के आदेश के बाद छात्र के लिए मेडिकल कॉलेज में दाखिले की प्रक्रिया में आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो गया है। मामले ने NEET जैसी महत्वपूर्ण प्रवेश परीक्षाओं में जांच के दौरान निर्दोष छात्रों के परिणाम रोके जाने और उनके प्रवेश पर पड़ने वाले असर को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।

 

लेटेस्ट न्यूज़