हिजाब पर इलाहाबाद हाईकोर्ट का बड़ा फ़ैसला, स्कूल यूनिफॉर्म के साथ पहनने की छात्रा की मांग खारिज

प्रयागराज, उत्तर प्रदेश: इलाहाबाद हाईकोर्ट ने एक नाबालिग मुस्लिम छात्रा की उस याचिका को ख़ारिज कर दिया है, जिसमें उसने स्कूल यूनिफॉर्म के साथ हिजाब यानी सिर पर स्कार्फ पहनने की अनुमति मांगी थी। कोर्ट ने कहा कि याचिकाकर्ता यह साबित करने के लिए पर्याप्त सामग्री पेश नहीं कर सकी कि हेडस्कार्फ पहनना इस्लाम की एक आवश्यक धार्मिक प्रथा है।

यह मामला प्रयागराज के अत्तारसुइया स्थित टैगोर पब्लिक स्कूल की छात्रा से जुड़ा है। छात्रा ने कक्षा 10वीं तक इसी स्कूल में पढ़ाई की थी और कक्षा 11वीं में भी दाख़िला लेना चाहती थी। उसने अपनी मां के माध्यम से हाईकोर्ट का रुख करते हुए स्कूल यूनिफॉर्म के साथ हेडस्कार्फ पहनने की अनुमति देने की मांग की थी।

छात्रा का दावा था कि उसने कक्षा 6 से 10वीं तक स्कूल में हेडस्कार्फ पहना था और उस दौरान स्कूल ने इस पर आपत्ति नहीं जताई। उसका कहना था कि हिजाब पहनना उसके धर्म की आवश्यक धार्मिक प्रथा है और इसे पहनने से रोकना उसके मौलिक अधिकारों का उल्लंघन है।

वहीं, स्कूल ने कहा कि वह एक निजी, गैर-सहायता प्राप्त CBSE स्कूल है और सभी छात्रों के लिए एक समान ड्रेस कोड लागू है। स्कूल प्रशासन का तर्क था कि किसी एक छात्रा को यूनिफॉर्म से अलग पहनावे की अनुमति देने से स्कूल के प्रशासन और अनुशासन पर असर पड़ सकता है।

जस्टिस जे.जे. मुनीर और जस्टिस इंद्रजीत शुक्ला की पीठ ने कहा कि अगर किसी स्कूल का ड्रेस कोड सभी छात्रों पर समान रूप से लागू होता है, भेदभावपूर्ण नहीं है और उसका उद्देश्य अनुशासन तथा संस्थान की पहचान बनाए रखना है, तो निर्धारित यूनिफॉर्म तय करने का अधिकार मुख्य रूप से स्कूल के पास है।

कोर्ट ने यह भी कहा कि छात्रा का पहले की कक्षाओं में हेडस्कार्फ पहनना उसे भविष्य में भी ऐसा करने का कानूनी अधिकार नहीं देता। पीठ के अनुसार, स्कूल ने अपनी यूनिफॉर्म में कोई बदलाव नहीं किया था, बल्कि छात्रा तय यूनिफॉर्म के साथ अतिरिक्त रूप से हेडस्कार्फ पहनने की अनुमति चाह रही थी।

हिजाब को आवश्यक धार्मिक प्रथा बताए जाने की दलील पर कोर्ट ने कहा कि याचिका में पर्याप्त तथ्य या प्रामाणिक धार्मिक सामग्री पेश नहीं की गई, जिससे यह साबित हो कि कक्षा के अंदर हेडस्कार्फ पहनना अनिवार्य है। कोर्ट ने इस संबंध में विभिन्न हाईकोर्ट के पिछले फ़ैसलों पर भी विचार किया।

पीठ ने विशेष रूप से कर्नाटक हाईकोर्ट के 2022 के फ़ैसले का उल्लेख किया, जिसमें हिजाब को इस्लाम की आवश्यक धार्मिक प्रथा नहीं माना गया था। हालांकि, कोर्ट ने यह भी नोट किया कि इस मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट में पहले दिए गए फ़ैसले के बाद स्थिति पूरी तरह अंतिम रूप से तय नहीं हुई है। इसके बावजूद इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा कि उसके पास कर्नाटक हाईकोर्ट की उस व्याख्या से अलग राय रखने का कोई कारण नहीं है।

कोर्ट ने यह भी गौर किया कि स्कूल के रिकॉर्ड में मौजूद तस्वीरों के अनुसार, याचिकाकर्ता के अलावा उसी धार्मिक समुदाय की अन्य छात्राएं भी हेडस्कार्फ नहीं पहन रही थीं। पीठ ने कहा कि छात्रों को व्यक्तिगत आधार पर तय यूनिफॉर्म से अलग पहनावे की अनुमति देने से यूनिफॉर्म की मूल अवधारणा प्रभावित हो सकती है।

इन टिप्पणियों के साथ इलाहाबाद हाईकोर्ट ने छात्रा की रिट याचिका ख़ारिज कर दी।

लेटेस्ट न्यूज़