नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक और संयोजक अभिजीत दिपके ने सरकारी स्कूलों की स्थिति को लेकर सभी राज्यों के शिक्षा मंत्रियों को पत्र लिखकर छह अहम सवाल पूछे हैं। उन्होंने स्कूलों के बुनियादी ढांचे, शिक्षक पदों, सरकारी फंड और डिजिटल सुविधाओं से जुड़ा राज्यवार डेटा सार्वजनिक करने की मांग की है।
दिपके ने अपने पत्र में कहा कि भारत की आजादी के 80 साल बाद भी कई सरकारी स्कूलों में बच्चों को सुरक्षित पेयजल, काम करने वाले शौचालय, उचित कक्षाएं और बैठने के लिए बेंच जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। उन्होंने शिक्षा की स्थिति को तत्काल प्राथमिकता देने की अपील की।
उन्होंने शिक्षा मंत्रियों से पहला सवाल पूछा कि पिछले पांच वर्षों में राज्य के कितने सरकारी स्कूलों का नवीनीकरण किया गया है और वर्तमान में कितने स्कूलों को मरम्मत या पूरी तरह पुनर्निर्माण की जरूरत है।
दूसरे सवाल में उन्होंने सरकारी स्कूलों में स्वीकृत शिक्षण पदों की संख्या, भरे हुए पदों और वर्तमान में खाली पड़े पदों का ब्योरा मांगा।
तीसरे सवाल में दिपके ने पूछा कि पिछले पांच वर्षों में सरकारी स्कूलों के लिए कितनी राशि आवंटित की गई और उसमें से वास्तव में कितनी राशि खर्च की गई।
चौथे सवाल के तहत उन्होंने राज्यों से यह जानकारी मांगी कि हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तक उचित पहुंच सुनिश्चित करने के लिए कितने अतिरिक्त सरकारी स्कूलों की आवश्यकता है।
दिपके ने पांचवें सवाल में शिक्षकों पर पढ़ाने के अलावा डाली जाने वाली गैर-शैक्षणिक जिम्मेदारियों का भी विवरण मांगा। उनका सवाल है कि शिक्षकों को शिक्षण कार्य के अलावा कौन-कौन से अन्य सरकारी काम सौंपे जाते हैं।
छठे सवाल में उन्होंने सरकारी स्कूलों में कंप्यूटर और डिजिटल लर्निंग सुविधाओं, साफ़ और काम करने वाले शौचालयों तथा खेल सुविधाओं और उपकरणों की उपलब्धता से जुड़ा डेटा मांगा।
दिपके ने कहा कि यह अभियान किसी एक राजनीतिक दल या सरकार के खिलाफ़ नहीं है, बल्कि बच्चों के भविष्य से जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने राज्यों से इन सवालों के जवाब सार्वजनिक करने और यह सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कदम उठाने की अपील की कि किसी बच्चे को खराब बुनियादी ढांचे के कारण सम्मानजनक शिक्षा से वंचित न होना पड़े।
CJP की यह पहल उसके ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत पार्टी सरकारी स्कूलों की स्थिति और उनमें मौजूद बुनियादी सुविधाओं की कमी को सामने ला रही है। इससे पहले दिपके ने महाराष्ट्र के अपने पैतृक गांव के एक सरकारी स्कूल का निरीक्षण कर वहां की सुविधाओं पर सवाल उठाए थे।
इस अभियान के तहत दिपके ने अब राज्यों से सीधे आंकड़े मांगकर सरकारी स्कूलों की स्थिति पर अधिक पारदर्शिता की मांग की है। उनका कहना है कि समस्या को ठीक करने से पहले यह स्पष्ट होना जरूरी है कि अलग-अलग राज्यों में सरकारी स्कूलों की मौजूदा स्थिति क्या है।