रसुवा: नेपाल के रसुवा ज़िले में बुधवार सुबह भोटेकोशी नदी में आई अचानक बाढ़ के बाद कम से कम 384 यात्रियों के लापता होने की प्रारंभिक जानकारी सामने आई है। नेपाल पर्यटन बोर्ड द्वारा तैयार की गई शुरुआती सूची के अनुसार, इनमें 105 भारतीय नागरिक शामिल हैं।
पर्यटन बोर्ड के मुताबिक, लापता बताए जा रहे लोगों में 291 विदेशी नागरिक और 93 नेपाली नागरिक हैं। फिलहाल अधिकारियों द्वारा इन सभी यात्रियों की लोकेशन और सुरक्षा की पुष्टि की जा रही है।
नेपाल पर्यटन बोर्ड, टूरिस्ट पुलिस और अन्य पर्यटन से जुड़े संगठन ट्रैवल एजेंसियों, गाइडों, स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर यात्रियों का पता लगाने में जुटे हैं।
बोर्ड के अनुसार, यह शुरुआती सूची प्रभावित इलाके में मौजूद या वहां से गुजर रहे यात्रियों के संबंध में 10 पर्यटन एवं ट्रैवल एजेंसियों से मिली जानकारी के आधार पर तैयार की गई है।
105 भारतीय नागरिकों के अलावा सूची में ऑस्ट्रेलिया, नीदरलैंड्स, अमेरिका, मलेशिया, ब्रिटेन और दक्षिण अफ्रीका के यात्री भी शामिल हैं। कुछ विदेशी यात्रियों की राष्ट्रीयता अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। सूची में 37 गैर-निवासी भारतीय (NRI) भी दर्ज किए गए हैं।
एजेंसियों के आंकड़ों के मुताबिक, Trekkers Society के 92 यात्रियों के लापता होने की जानकारी है, जो सूची में किसी एक एजेंसी का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इसके बाद Samrat Tours & Travels के 71, Leaf Holiday के 55 और Himalayan Glacier के 52 यात्री लापता बताए गए हैं।
अन्य एजेंसियों में Kailash Journey के 31, Fishtail Tours & Travels के 27, Alpine Eco Trek के 20, Kathmandu Holiday Tours & Travels के 17, Richa Tours & Travels के 12 और Explore Vacation के 7 यात्री शामिल हैं।
नेपाल पर्यटन बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि ये आंकड़े अभी अंतिम नहीं हैं। सूची की दोबारा जांच की जा रही है और अधिकारी प्रत्येक यात्री की स्थिति और ठिकाने की पुष्टि करने की कोशिश कर रहे हैं।
बोर्ड ने यात्रियों और उनके परिवारों से घबराने के बजाय आधिकारिक सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने का इंतज़ार करने की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे रसुवा ज़िले में भोटेकोशी नदी क्षेत्र में अचानक बाढ़ आई, जिसके बाद पर्यटन विभाग, पुलिस, स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने मिलकर राहत एवं खोज अभियान शुरू किया।
नेपाल में भोटेकोशी नदी की बाढ़ से भारी तबाही के बाद प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन की स्थिति पर चर्चा के लिए उच्चस्तरीय आपात बैठक बुलाई। बैठक के दौरान बाढ़ से हुए नुकसान, प्रभावित क्षेत्रों के हालात और जारी राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया गया।
भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ को देखते हुए रसुवा, नुवाकोट, धादिङ, गोरखा और चितवन से होकर बहने वाली नदियों के किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।