ट्रंप प्रशासन ने दुनियाभर में इमिग्रेंट वीज़ा आवेदनों की प्रक्रिया रोकी

नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने दुनियाभर में इमिग्रेंट वीज़ा की प्रक्रिया अस्थायी रूप से रोक दी है। फाइनेंशियल टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक़, अमेरिकी वाणिज्य दूतावासों के अधिकारियों को अतिरिक्त प्रशिक्षण देने के लिए यह क़दम उठाया गया है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि वीज़ा के लिए आवेदन करने वाले लोग भविष्य में अमेरिकी सरकार की सार्वजनिक सहायता पर निर्भर न हों।

अमेरिकी दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों में जिन आवेदकों के इंटरव्यू तय थे, उन्हें ईमेल के ज़रिए बताया गया है कि उनकी अपॉइंटमेंट स्थगित कर दी गई हैं। नई तारीख़ और समय की जानकारी बाद में दी जाएगी।

अमेरिकी विदेश विभाग के एक प्रवक्ता के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है कि प्रशासन यह सुनिश्चित करना चाहता है कि इमिग्रेंट वीज़ा के लिए आवेदन करने वाले लोगों के ‘पब्लिक चार्ज’ बनने यानी सरकारी सहायता पर निर्भर होने की आशंका कम हो। इनमें अमेरिकी नागरिकों के लिए उपलब्ध सार्वजनिक लाभ भी शामिल हैं।

विदेश विभाग ने इस महीने दुनियाभर में एक प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया है। इसके तहत वाणिज्य दूतावासों के अधिकारियों को वीज़ा आवेदनों की अधिक गहन जाँच करने और नियमों को एक समान तरीके से लागू करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

विदेश विभाग ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि सामान्य अपॉइंटमेंट कब से दोबारा शुरू होंगी। रिपोर्ट के मुताबिक़, अधिकारियों के प्रशिक्षण पूरा करने तक वीज़ा सेवाओं में बदलाव जारी रहेगा।

ट्रंप प्रशासन की इमिग्रेशन नीतियों को लगातार क़ानूनी चुनौतियों का सामना करना पड़ा है। ट्रंप के पहले कार्यकाल में संघीय अदालतों ने सात मुस्लिम-बहुल देशों के नागरिकों के अमेरिका में प्रवेश पर रोक लगाने के प्रयास को रोक दिया था। बाद में अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने यात्रा प्रतिबंधों के एक सीमित रूप को लागू करने की अनुमति दी थी।

ताज़ा मामले में अमेरिकी डिस्ट्रिक्ट जज जैनेट वर्गास ने पिछले सप्ताह जनवरी में विदेश विभाग द्वारा घोषित उस नीति के ख़िलाफ़ फ़ैसला सुनाया, जिसके तहत 75 देशों से इमिग्रेशन आवेदनों को रोक दिया गया था।

जज वर्गास ने कहा कि यह नीति वीज़ा मामलों में कांसुलर अधिकारियों को कांग्रेस की ओर से दी गई अधिकारिता और निर्णय लेने की शक्तियों में हस्तक्षेप करती है। उन्होंने इस नीति को रद्द करने के साथ-साथ इसके तहत किए गए वीज़ा इनकार को भी रद्द कर दिया।

अदालत ने मामले से जुड़े बाकी मुद्दों के समाधान को लेकर दोनों पक्षों को 11 सितंबर तक अपने सुझाव देने का समय दिया है।

इमिग्रेंट वीज़ा प्रक्रिया के नियमों में बदलाव

ट्रंप प्रशासन ने इमिग्रेंट वीज़ा आवेदकों के आवेदन की प्रक्रिया से जुड़े स्थान को लेकर भी नियम बदले हैं।

पिछले साल से आवेदकों के लिए अपने नागरिकता वाले देश में ही इमिग्रेंट वीज़ा प्रक्रिया पूरी करना ज़रूरी किया गया है। इससे उन लोगों पर भी असर पड़ा है जो पहले से क़ानूनी रूप से अमेरिका में रह रहे हैं और काम कर रहे हैं।

इनमें कुछ ऐसे लोग भी शामिल हैं जिनकी शादी अमेरिकी नागरिकों से हुई है या जिनके बच्चे अमेरिकी नागरिक हैं।

लेटेस्ट न्यूज़