फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में केप वर्डे ने जब स्पेन से ड्रॉ खेला, तो इसे अब तक के सबसे बड़े उलटफेरों में गिना जा रहा है. केप वर्डे एक ऐसा देश है, जिसका नाम फीफा वर्ल्ड कप से पहले तक बहुत कम लोग जानते थे. लेकिन जब इस देश के खिलाड़ी फुटबॉल के मैदान में उतरे, तो उन्होंने सीधे दुनिया की नंबर 2 टीम स्पेन को हिला दिया. केप वर्डे के खिलाड़ी स्पेन जैसी मजबूत टीम के खिलाफ अपने वर्ल्ड कप इतिहास का पहला मैच पूरी तरह एन्जॉय करने उतरे और बेहद निडर नजर आए. उनका अद्भुत साहस, खेल के प्रति समर्पण और कुछ कर गुजरने की चाहत ने देश को नई पहचान दिलाई. अब हर कोई स्पेन से ड्रॉ खेलने वाले केप वर्डे की बात कर रहा है. ऐसे में आइए जानते हैं कि दुनिया के नक्शे में केप वर्डे कहाँ है और कैसे उसने फीफा वर्ल्ड कप के पहले ही मैच में लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया.
केप वर्डे देश में कितने आइलैंड शामिल हैं?
केप वर्डे वेस्ट अफ्रीका में स्थित 10 आइलैंड्स (द्वीपों) का एक देश है. इसकी आबादी सिर्फ 5 लाख के करीब है और साल 1975 तक यह पुर्तगाल की कॉलोनी हुआ करता था. केप वर्डे को आजादी देकर पुर्तगाली तो चले गए, लेकिन वे इस देश को फुटबॉल की विरासत देकर गए. केप वर्डे की राजधानी प्राया में साल 1910 में पहले फुटबॉल क्लब ‘स्पोर्टिंग क्लब दा प्राया’ का गठन किया गया था. इसके बाद से फुटबॉल इस देश के लोगों की रगों में बस गया.