नई दिल्ली: नेपाल के रसुवा ज़िले में भोटेकोशी नदी में आई अचानक बाढ़ से कम से कम 177 लोगों की मौत और 133 भारतीयों समेत सैकड़ों पर्यटकों के लापता होने के बाद उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तराखंड में प्रशासन अलर्ट पर है। इन राज्यों के सीमावर्ती ज़िलों में संवेदनशील इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
हिमालयी नदियों में भूकंप या ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड (GLOF) जैसे अलग-अलग कारणों से अचानक बाढ़ आना कोई असामान्य घटना नहीं है। इंटरनेशनल सेंटर फॉर इंटीग्रेटेड माउंटेन डेवलपमेंट (ICIMOD) के फरवरी 2025 के एक विश्लेषण के मुताबिक़, 1950 से अब तक नेपाल, भारत और चीन के ऊंचाई वाले हिमालयी क्षेत्रों में बाढ़ की कम से कम 1,015 घटनाएँ दर्ज की गई हैं।
भारत-नेपाल सीमा से करीब 200 किलोमीटर दूर आई इस बाढ़ के कारण नेपाल से भारत की ओर बहने वाली नदियों में जलस्तर बढ़ने की आशंका है। इनमें उत्तर प्रदेश में गंडक और उत्तर बिहार की कुछ नदियाँ शामिल हैं। तिब्बत से निकलने वाली भोटेकोशी नदी का अधिकांश पानी त्रिशूली नदी में मिलता है और आगे चलकर यह गंडक नदी में शामिल होती है।
नेपाल में भारी बारिश और बैराजों के गेट खोले जाने से उत्तर प्रदेश की घाघरा और राप्ती तथा बिहार की कोसी नदियों में भी पानी का प्रवाह बढ़ सकता है।
बिहार सरकार ने पांच ज़िलों—पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सुपौल और मुज़फ्फरपुर—के निचले और संभावित बाढ़ प्रभावित इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। आशंका है कि इन इलाकों में अतिरिक्त पानी का प्रवाह बढ़ सकता है।
शाम 5 बजे वाल्मीकिनगर बैराज से करीब 1.06 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था। अधिकारियों के मुताबिक़, गुरुवार सुबह तक यह मात्रा बढ़कर 3 लाख क्यूसेक तक पहुंच सकती है। एहतियात के तौर पर बैराज के सभी 36 गेट चरणबद्ध तरीके से खोले गए हैं। इस बैराज की अधिकतम क्षमता 8.5 लाख क्यूसेक है।
पश्चिम चंपारण के जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने बताया कि नेपाल के देवघाट में जलस्तर बढ़ने के बाद सभी मैदानी प्रशासनिक इकाइयों को सक्रिय कर दिया गया है। देवघाट वाल्मीकिनगर से करीब 80 किलोमीटर दूर है।
नेपाल में नारायणी नदी के देवघाट गेज साइट पर जलस्तर 4.77 मीटर दर्ज किया गया, जो 7.30 मीटर के चेतावनी स्तर और 9 मीटर के ख़तरे के निशान से काफी नीचे है। हालांकि, वाल्मीकिनगर बैराज में पानी का प्रवाह दिनभर लगातार बढ़ा। सुबह करीब 86,000 क्यूसेक से बढ़कर शाम 4 बजे तक यह लगभग 1,44,800 क्यूसेक हो गया।
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि नेपाल में आई बाढ़ को देखते हुए गंडक नदी के जलस्तर में संभावित बढ़ोतरी पर लगातार नज़र रखी जा रही है। स्थिति की निगरानी के लिए मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक की अध्यक्षता में एक समिति बनाई गई है।
पटना में चौधरी ने कहा कि ज़रूरत पड़ने पर वह खुद वाल्मीकिनगर जाकर स्थिति का जायज़ा लेंगे। जल संसाधन विभाग के मंत्री विजय कुमार चौधरी ने वीडियो संदेश के ज़रिए लोगों से सतर्क रहने, लेकिन घबराने से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगले पांच घंटे महत्वपूर्ण हैं और प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
बाद में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से फोन पर बात कर राहत और बचाव कार्यों की जानकारी ली। अधिकारियों के मुताबिक़, शाह ने संभावित संकट से निपटने के लिए केंद्र की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
अधिकारियों के मुताबिक़, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीमें तैनात की जा रही हैं। गोपालगंज के जिलाधिकारी समीर सौरभ ने बताया कि 30 सदस्यीय NDRF टीम और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की एक टीम गोपालगंज के चवही में मौजूद है। यहां से निचले इलाकों में रहने वाले परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
पश्चिम चंपारण के जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने भी बताया कि नेपाल के देवघाट में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सभी प्रशासनिक इकाइयों को सक्रिय किया गया है।
वाल्मीकिनगर के कार्यपालक अभियंता इकबाल अनवर ने कहा कि अगले पांच से छह घंटे में वाल्मीकिनगर बैराज पर करीब 3 लाख क्यूसेक पानी पहुंचने की आशंका है। एहतियाती कदम के तौर पर गंडक बैराज के सभी 36 गेट चरणबद्ध तरीके से खोले जा रहे हैं और नहर में पानी की आपूर्ति भी रोकी जा रही है।