कंसास सिटी: फीफा विश्व कप 2026 में शनिवार रात एक ऐसा मुकाबला खेला गया जिसे फुटबॉल इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा। कैरेबियाई सागर के एक छोटे से द्वीपीय देश कुराकाओ (Curacao) के 37 वर्षीय गोलकीपर एलॉय रूम (Eloy Room) अपनी टीम के लिए नए नेशनल हीरो बन गए हैं। इक्वाडोर के खतरनाक और लगातार हमलों के सामने दीवार बनकर खड़े एलॉय रूम ने पूरे मैच में रिकॉर्ड 15 बेहतरीन सेव (Saves) किए, जिसकी बदौलत कुराकाओ ने विश्व कप इतिहास का अपना पहला अंक हासिल करते हुए इक्वाडोर को 0-0 से ड्रॉ पर रोक दिया। इस ड्रॉ के साथ ही इसी ग्रुप की जर्मनी टीम नॉकआउट चरण के लिए क्वालिफाई कर गई है।
यूएसएल चैंपियनशिप क्लब मियामी एफसी के लिए खेलने वाले एलॉय रूम का यह प्रदर्शन विश्व कप इतिहास के सबसे महान गोलकीपर प्रदर्शनों में गिना जाएगा। फीफा विश्व कप में आधिकारिक तौर पर ‘सेव’ का रिकॉर्ड रखने की शुरुआत साल 1966 से हुई थी, तब से लेकर अब तक बिना एक्स्ट्रा टाइम (90 मिनट के भीतर) के किसी भी गोलकीपर द्वारा किए गए ये सबसे ज्यादा सेव हैं। इतिहास का सर्वकालिक रिकॉर्ड अमेरिका के टिम हॉवर्ड (16 सेव बनाम बेल्जियम, 2014) के नाम है, लेकिन उन्होंने वह आंकड़ा 120 मिनट के खेल में छुआ था। मैच के बाद मुस्कुराते हुए रूम ने कहा, “यह मेरे लिए एक परफेक्ट गेम था, मुझे लगता है कि अब कुराकाओ में मेरी एक मूर्ति (Statue) लगनी चाहिए।”
कंसास सिटी के स्टेडियम में मुकाबला पूरी तरह से इक्वाडोर के घरेलू मैदान जैसा लग रहा था। इक्वाडोर के फैंस से खचाखच भरे स्टेडियम में कुराकाओ के मुट्ठी भर समर्थक ही मौजूद थे। इस ऐतिहासिक पल के गवाह नीदरलैंड के राजा विलेम-अलेक्जेंडर और रानी मैक्सिमा भी बने, जो विशेष रूप से कुराकाओ का हौसला बढ़ाने पहुंचे थे और मैच के बाद खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम में डांस करते भी नजर आए। इक्वाडोर ने मैच में कुल 27 शॉट दागे, जिसमें से 10 शॉट बॉक्स के अंदर से थे, लेकिन रूम ने हर बार शानदार डाइव लगाकर टीम की उम्मीदों को जिंदा रखा। इस ड्रॉ के बाद अब कुराकाओ का अगला मुकाबला फिलाडेल्फिया में आइवरी कोस्ट से होगा, जबकि इक्वाडोर की राह अब मुश्किल हो गई है और उसे न्यूयॉर्क में जर्मनी का सामना करना होगा।